उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बेखौफ बदमाशों ने ग्राम प्रधान के नाती की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के छतौना गांव में गुरुवार की दोपहर तीन बजे के करीब हुई इस घटना से सनसनी मच गई। वारदात के वक्त युवक घर में सो रहा था। वह सुबह अपने मामा से मिलने के लिए आया था।
खिड़की से घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। हत्या के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के उदपुर गांव निवासी अमित उर्फ छोटू यादव (18) अहरौला थाना क्षेत्र के छतौना गांव निवासी हीरा यादव के घर ननिहाल है। हीरा यादव वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं।
दोपहर को अमित अपने मामा के बेटे सोनू के साथ गांव के ही रामबूझ राम के घर आयोजित बहूभोज में गया हुआ था। वहां से लौटकर अमित यादव बरामदे से सटे कमरे में सो गया। जबकि सोनू किसी अन्य काम से बाहर चला गया। दिन में करीब तीन बजे मुंह बांधे हुए पैदल दो बदमाश आए और खिड़की से सोए अमित के सिर में गोली मार दी।
गोली अमित के सिर और नाक के ऊपर लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर गोली की आवाज सुनकर मकान के भीतर से हीरा की बेटी मीना बाहर निकली। उसने बदमाशों को देखकर शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण बदमाशों के पीछे दौड़े, लेकिन तब तक वे दूर निकल चुके थे।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ बूढनपुर, अहरौला और फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अमित की लाश को लेकर थाने चली गई। ग्राम प्रधान हीरा यादव ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से खड़ंजा लगाने का विवाद चल रहा था।
विपक्षी पूर्व में उनकी हत्या करने के लिए आए थे। सीओ बूढनपुर रामजन्म ने बताया कि घटना के कारण की जानकारी अभी नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।