नाबालिग निकला लाखों के आभूषण चुराने वाला मास्टरमाइंड
अपने ही किराएदार के घर कर डाली लाखों की चोरी,
आभूषण खरीदने वाले सुनार समेत चार गिरफ्तार
गिरफ्तारी के वक्त सर्राफा कारोबारी की बिगड़ी तबीयत
अस्पताल में भर्ती, शौक पूरा करने के लिए की थी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। पुरानी मंडी में लाखों के गहने चुराने का मामला सदर पुलिस ने सुलझा लिया है। चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला एक नाबालिग निकला है। जिसने अपने ही किराएदार के कमरे में चोरी की घटना को अंजाम दिया और बाद में दो दोस्तों की मदद से शहर के सुनार को बेच दिया। जांच के दौरान मामले की परते उधेड़ते हुए साक्ष्य जुटानेेेे के बाद पुलिस ने सुनार समेत चारों को गिरफ्तार कर दिया है।
उधर गिरफ्तारी के वक्त चोरी के आभूषण खरीदने वाले कारोबारी को चक्कर आ गया। जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पुरानी मंडी में कुछ समय पहले एक व्यक्ति ने चोरी की शिकायत पुलिस चौकी में की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल को दौरा करके तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू की। वहां एक फोन भी गायब मिला। प्रारंभिक जांच में ही पुलिस को अंदेशा हो गया कि यह काम किसी नजदीकी का ही है। लिहाजा पुलिस ने मकान मालिक के बेटे पर नजर रखना शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को लीड मिली की गुम फोन का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस ने जान बुना और तीनों दोस्तों की सारी हरकतों पर नजर रखी। जब एक धरा गया तो उसने सब कुछ उगल दिया।
डेढ़ लाख के चुराए थे गहने
पुलिस के अनुसार नाबालिग ने 9 जून को डेढ़ लाख के आभूषणों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अपने महंगे शौक को पूरा करने के लिए उसने गहने तो चुरा लिए, लेकिन उन गहनों को बेचने के लिए अपने दो साथियों का सहारा लिया और तीनों सुनार तक पहुंचे। जहां आधी रकम में आभूषण खरीदने का सौदा हुआ।
फोन से पकड़े गए शातिर
बताया जा रहा है कि चोरी की वारदात के वक्त फोन भी गायब था। उस फोन को भी शातिरों ने किसी को बेच दिया। जैसे ही उसने फोन को चालू किया तो फोन प्रयोग करने वाला पुलिस की जांच को दायरे में आ गया। जब फोन का इस्तेमाल कर रहे व्यक्ति से पूछा गया तो उसने मुख्य आरोपी का पता दिया। जिसके बाद पुलिस को यह घटना सुलझाने में काफी मदद मिली। एसएचओ सदर सुनील सांख्यान ने कहा कि पुरानी मंडी में चोरी के मामले में पुलिस ने सुनार सहित चार को पकड़ा है। जिसमें मास्टरमाइंड नाबालिग है। उसी ने चोरी की योजना बनाई और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत दो दोस्तों और आभूषण खरीदने वाले सुनार को भी गिरफ्तार किया है। सुनार की तबीयत बिगड़ गई है। उसे जोनल अस्पताल भर्ती करवाया गया है।