शराब के कारण कई लोग बर्बाद हो जाते है और कई घर उजड़ जाते है। ऐसी ही एक घटना यूपी के आजमगढ़ में घटी। शराब के नशे में धुत एक बेटे ने बाप को पीट-पीटकर मार डाला। बीच बचाव करने पहुंची मां पर भी हमला बोल दिया। घटना जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के इटौरा गांव की है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। परिवार की तरफ से कोई आपत्ति न दर्ज कराने पर पंचनामा भरकर लाश परिवार वालों को सौंप दी। घर वालों ने अंतिम संस्कार कर दिया। एसओ सिधारी नागेश उपाध्याय के मुताबिक मृत बेचन यादव (65) इटौरा गांव का निवासी था। बेचन यादव चार बेटों का पिता था।
उसके सभी बच्चे अपने-अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। बेचन अपने छोटे बेटे गुल्लू यादव के साथ रहता था। गुल्लू वर्तमान में मुंबई में है। बेचन का तीसरे नंबर का बेटा टेंपो चलाता है। वह शराब पीने का आदी है।
मंगलवार की शाम साढ़े चार बजे किसी बात से नाराज बेचन का बेटा उसे और उसकी पत्नी को लात, घूसों से मारपीटकर घायल कर दिया। गांव के लोग मामले में बीच बचाव कर जब तक घायल बेचन को अस्पताल ले जाने का प्रबंध करते कि उसकी मौत हो गई।
एसओ ने बताया कि घर वालों की तरफ से कोई आपत्ति न दर्ज कराने पर पंचनामा भरकर लाश उन्हें सौंप दिया गया। परिवार के लोगों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।