पांच दिन पहले खेत में बकरी जाने को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार को आजमगढ़ जिले के एक एक गांव में दो समुदायों में पथराव और फायरिंग हो गई। इसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। एक को पैर में गोली लगी है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई।
मामले में प्रधान पति समेत 20 नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई और लापरवाही के आरोप में बीट दरोगा को निलंबित कर दिया गया।
इसहाकपुर गांव में 25 जून को हृदय नारायण राजभर के परिवार का बालक अभिषेक बकरी चरा रहा था। बकरी खेत में जाने पर तौकीर ने अभिषेक की पिटाई कर दी थी।
पुलिस ने मामले में सुलह करा दी थी। 27 जून को हृदय नारायण के परिवार के रंजीत को दूसरे पक्ष के लोगों ने घायल कर दिया। रंजीत का जौनपुर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने तौकीर को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया था। 29 जून की शाम तौकीर जमानत पर रिहा होकर घर पहुंचा।
शुक्रवार सुबह आठ बजे तौकीर पक्ष का मो. अली बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान रंजीत के दरवाजे के सामने उसके समर्थक मो. अली को पीटने लगे। इसको लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसी बीच किसी ने फायरिंग कर दी और गोली हृदय नारायण के पैर में लग गई। दोनों ओर से पथराव भी हुआ।
घटना में छोटेलाल, हृदय नारायण राजभर और दूसरे पक्ष से मो. अली और शमीम घायल हो गए। सूचना पर एसपी ग्रामीण, सीओ लालगंज, बरदह, देवगांव, गंभीरपुर, दीदारगंज थाने की पुलिस और पीएसी लेकर पहुंचे।
पुलिस ने घायलों को पीएचसी ठेकमा में भर्ती कराया। वहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है।