राजधानी के अलग अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में एक छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गयी। जबकि दर्जन भर से अधिक लोग जख्मी हो गये। बृहस्पतिवार रात तिलक विहार इलाके में नशे में धुत एक इको वैन चालक ने कई गाड़ियों को टक्कर मारते हुए कई लोगों को कुचल दिया।
हादसे में एक बच्चे समेत दस लोग जख्मी हो गये, जबकि दो कार, दो स्कूटी और दो रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर माजूद लोगों के काफी मशक्कत के बाद कार चालक पर काबू पाया। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों कमलेश, धर्मा पंडित, महेंद्र सिंह, मोबिन, जेनेंद्र कौर, पवन बक्शी, दिव्या बक्शी, रमन, तृप्ती कौर और हाफिज को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। तिलक नगर थाना पुलिस ने वैन चालक तिलक नगर निवासी अनुप (32) को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल जांच में अनूप की शराब पीने की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इसके अलावा मुखर्जी नगर इलाके में बृहस्पतिवार रात सवा ग्यारह बजे पुलिस को स्कूटी सवार दो छात्रों को कुचलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने सुमित (21) को मृत घोषित कर दिया।
नवीन की हालत गंभीर बनी हुई है। सुमित मूलत: सोनीपत का रहने वाला था। वह नवीन के साथ किराए के मकान में रहकर एसएससी की तैयारी कर रहा था।