सूर्य सरोवर को रंग-बिरंगे झालरों से सजाया
- फोटो : अमर उजाला
सूर्य सरोवर को रंग-बिरंगे झालरों से सजाया
बरेका का सूर्य सरोवर छठ के व्रतियों के स्वागत के लिए तैयार है। छठ पूजा समिति के पदाधिकारियों ने मंगलवार को सरोवर के चारों ओर रंग बिरंगे झालरों से आकर्षक सजावट की है। छठ पूजनोत्सव के अंतर्गत खरना पूजा हुई। बरेका प्रशासन की तरफ से समिति के संयोजक, संरक्षक रामजन्म चौबे, प्रदीप कुमार व समिति के अध्यक्ष चंद्रेश्वर ओझा, महामंत्री अनूप तिवारी, कोषाध्यक्ष गणेश, कमलेश कुमार के उपस्थिति में सूर्य सरोवर के शुद्धिकरण का कार्य संपन्न हुआ। सुरक्षा के लिए स्काउट गाइड, एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, रेलवे पुलिस, सिविल डिफेंस, एंबुलेंस के जवान तैनात रहेंगे। यहां तीन गेट से प्रवेश होंगे।
घर से घाट तक उत्सव का माहौल, बनने लगे प्रसाद
छठ पर घर से लेकर घाट तक उत्सव का माहौल दिख रहा है। व्रती महिलाओं ने घाटों पर वेदी बनाकर पूजा अर्चना शुरू कर दी है। वहीं घरों में प्रसाद बनने लगे हैं। हर तरफ छठ के गीत सुनाई दे रहे हैं। महिलाएं छठ मईया से सुख, समृद्धि और शांति की कामना कर रही हैं। सोमवार को नहाय-खाय के बाद मंगलवार को व्रती महिलाओं ने खरना किया। इसमें गुड़ चावल से बनी खीर खाकर व्रती महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया। चारों तरफ आस्था और उल्लास का माहौल देखते बन रहा है।