वाराणसी। आचार संहिता के बाबत पुलिस ने रविवार को अभियान चलाकर कार्रवाई की। एसीपी दशाश्वमेध अवधेश पांडेय ने गिरजाघर चौराहे पर राजनीतिक दल का झंडा लगे वाहनों का चालान किया। वहीं वाहन से झंडा और काली फिल्म हटवाई गई। सोनभद्र से इंदू देवी की स्कार्पियो से गिरजाघर के पास पुलिस ने झंडा उतरवाया और चालान किया गया।
उधर, देर शाम कपसेठी पुलिस ने कपसेठी चौराहे पर चार पहिया वाहनों का तलाशी अभियान चलाया। एक स्कॉर्पियो पर अवैध ढंग से हूटर का प्रयोग किए जाने के चलते पुलिस ने वाहन का चालान किया। थानाध्यक्ष कपसेठी अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि चौबेपुर निवासी राजेश कुमार चौबे की स्कॉर्पियो हूटर बजाते हुए जा रही थी, जांच की गई तो मालूम चला कि गलत ढंग से हूटर का प्रयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य छह वाहनों का भी पुलिस ने विभिन्न आरोपों में चालान किया।