पिंडरा। तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर ज्यादातर मामले जमीन के गलत ढंग से सीमांकन करने तथा रिपोर्ट लगाने के लिए अवैध धन की मांग करने की शिकायतें आईं। तहसील दिवस पर ज्यादातर मामले राजस्व से संबंधित रहे। 117 मामलों में से 3 मामलों का ही निस्तारण हो पाया।
लेखपाल संघ के अध्यक्ष रहे गिरीश कुमार सिंह ने लेखपाल व कानूनगो के ऊपर रिश्वत लेकर बिना मौका मुआयना किए रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया। एसडीएम ने न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए शांत कराया। एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में खटौरा निवासी ने आरोप लगाया कि वह जमीन का बैनामा कराया है और काबिज है। जिस पर ग्राम प्रधान द्वारा जबरन चकरोड के निर्माण करने पर बीडीओ ने जांच होने तक रोक लगा दी थी। वहीं एसडीएम ने पैमाइश के बाद चकरोड बनवाने के निर्देश दिया। लेकिन बिना पैमाइश के लेखपाल व कानूनगो ने फर्जी रिपोर्ट लगा दी। इस पर एसडीएम ने पुन: जांच का आदेश दिया। बुची निवासी इंद्रावती मिश्रा ने आरोप लगाया कि सिंधोरा थाने की पुलिस कोर्ट के आदेश पर दर्ज मुकदमे की 2 माह बाद भी कोई कार्रवाई न की। आरोपी आए दिन धमकी दे रहे हैं। फूलपुर के जितेंद्र कुमार ने फूलपुर में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित आदि हिंदू प्राथमिक विद्यालय में 175 बच्चो के लिए मात्र एक अध्यापक होने की शिकायत की। इस दौरान एसडीएम डॉ. पुष्पेंद्र पटेल, तहसीलदार विकास पांडेय, सीओ डॉ अतुल त्रिपाठी, बीडीओ दीपंकर आर्य, एसडीओ राहुल सिंह, इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा समेत अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
देवराई गांव के शिवपूजन ने धन जमा करने के बाद भी दो वर्ष से पट्टा रजिस्टर्ड न होने की शिकायत की। कहा कि कई जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कर चुके हैं।
-------
साहब़! लेखपाल नहीं दे रहा घरौनी
राजातालाब तहसील सभागार में समाधान दिवस पर 72 वर्षीय परशुपुर निवासी चेखुर गिरी ने आरोप लगाया कि लेखपाल घरौनी नहीं दे रहे हैं। कहा कि यदि उसे घरौनी न मिली तो वह आत्महत्या करने को विवश होगा। इस मामले में उच्चाधिकारियों ने संबंधित लेखपाल को तलब कर घरौनी देने का निर्देश दिया। पनियरा के राधेश्याम सिंह ने खलिहान की भूमि की नाप कर अतिक्रमण मुक्त किए जाने की मांग की है। वहीं मिल्कीपुर की सुनीता देवी ने शिकायती पत्र में कहा कि वह तालाब का पट्टा लेने के दौरान द्वितीय स्थान पर बोली लगाने वाली महिला थी। प्रथम पक्ष ने बोली लगाने के बाद आवंटन नहीं लिया। अत: अब आवंटन उनके नाम कर दिया जाए। राजा तालाब के ओमप्रकाश और अन्य लोगों ने तहसील के सामने सिंचाई विभाग की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की।