पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजन से जानकारी लेते एडीएम के हरि सिंह
- फोटो : अमर उजाला
दोहरीघाट थाना क्षेत्र से सात किमी दूर सोनबरसा के पास चालक महेश को झपकी आ गई। इस दौरान कार सड़क किनारे बने गड्ढे में फंसकर पानी भरी खाई में पलट गई। कार सवारों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना दोहरीघाट एसओ मनोज सिंह को दी। एसओ से सूचना मिलते ही एसपी सुशील कुमार घुले भी मौके पर पहुंचे। खाई के पानी में पलटी कार से लोगों को बाहर निकाला गया।
सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट लाया गया जहां डॉक्टरों ने ममता, तानिया, दिव्यांश और मयंक तथा माही को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल महेश तथा उसकी बहु दीपिका को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इधर, पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर एडीएम के हरि सिंह रविवार सुबह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बारे में जानकारी ली। मृतक घटना के समय मधुबन स्थित अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे थे।