पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर भर में 130 स्थान से अतिक्रमण हटाया गया। अतिक्रमण करने वाले 74 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान सुगम यातायात में बाधक बने और सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े 320 वाहनों का चालान कर 30 वाहन सीज किए गए। पुलिस आयुक्त ने सभी एसीपी, थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी को कहा है कि प्रत्येक शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाएं। इसके साथ ही सड़क पर जो वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े मिलें, उनके खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बिजली कर्मी कालीपट्टी बांधकर करेंगे काम
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारी, अभियंता सोमवार को विरोध दिवस मनाएंगे। इसके तहत शहर से लेकर गांव तक के उपकेंद्रों पर तैनात कर्मचारी कालीपट्टी बांधकर काम करेंगे। मीडिया सचिव और प्रभारी अंकुर पांडेय ने बताया कि 13 जनवरी को काली पट्टी बांधकर काम करने के साथ ही भिखारीपुर स्थित हनुमान मंदिर पर शाम -5 बजे से विरोध सभा कर मुख्यमंत्री से फैसला वापस करने की मांग की जाएगी।
विरोध में डॉक्टर 15 से नहीं करेंगे पोस्टमार्टम
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में सीएमएस को हटाए जाने की मांग पूरी न होने पर अब डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम ड्यूटी न करने का फैसला लिया है। 15 जनवरी से डॉक्टर पोस्टमार्टम ड्यूटी नहीं करेंगे। उधर, प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ यानी पीएमएस ने शासन से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
शिवपुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर जिला अस्पताल के डॉक्टरों की भी रोटेशन के अनुसार पोस्टमार्टम ड्यूटी लगाई जाती है। इधर, दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय संघर्ष समिति के बैनर तले डॉक्टरों ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में हर पांच दिन में एक-एक कर सेवाओं का बहिष्कार करने की जानकारी दी थी।
पीएमएस के सचिव डॉ. आरएन सिंह के अनुसार 9 जनवरी से वीआईपी ड्यूटी का बहिष्कार डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ कर रहे हैं। अब अगर 14 जनवरी तक मांग पूरी नहीं हुई तो पोस्टमार्टम ड्यूटी का बहिष्कार करेंगे।
इस बारे में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी का कहना है कि डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ से बातचीत की जा रही है। उनकी जो भी समस्याएं हैं, उससे शासन-प्रशासन को भी अवगत कराया जा चुका है। ब्यूरो
अपने अधिकार और न्याय के लिए उठाई आवाज
बीएचयू में पीएचडी नियमावली में सुधार की मांग पर बैठे छात्रों ने धरना स्थल पर ही विवेकानंद जयंती मनाई। उन्हें समर्थन देने पहुंचे पूर्व छात्रों ने कहा कि अपने अधिकार और न्याय के लिए आवाज उठाने की प्रेरणा हमें स्वामी विवेकानंद जी से ही मिलती है। उन्होंने पीएचडी प्रक्रिया में संशोधन के लिए डटे रहना की बात कही। इसमें चक्रपाणि ओझा, राजा विशाल सिंह आदि मौजूद रहे।
गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को जेल भेजा
लंका थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित आरोपी को भेलूपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान चंदौली जिले के गढ़वा, चकरघट्टा निवासी मनोज कुमार बियार के रूप में हुई है। मनोज को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। मनोज के खिलाफ लंका थाने में चोरी के तीन और गैंगस्टर एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है।
जमीन विवाद में चले लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर
जंसा थाना क्षेत्र के अमरीपुर गांव में बीती शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। इस मामले में जंसा थाने की पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अमरीपुर गांव निवासी सुभाष चंद्र प्रजापति ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। आरोप लगाया कि शनिवार की देर शाम गांव के ही पारसनाथ, गुड्डू सिंह, धनंजय उर्फ टन्नू, लकी सिंह, किशन सिंह और विनीत सिंह उनकी जमीन पर दीवार बनाने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो सभी गालागलौज करने लगे।
युवती पर की छींटाकशी, दी धमकी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती पर एक युवक बार-बार छींटाकशी करता है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता है। मामले को लेकर युवती की तहरीर के आधार पर बड़ागांव थाने में छितौनी कोटवा गांव निवासी नौसाद उर्फ आकाश उर्फ जफरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
डेबिट कार्ड बदल कर 26 हजार रुपये उड़ाए
मिर्जामुराद बाजार स्थित एटीएम में रविवार को एक जालसाज ने एक युवती का डेबिट कार्ड बदल कर खाते से 26 हजार रुपये निकाल लिए। चक्रपानपुर गांव की जनक नंदिनी ने मिर्जामुराद थाने की पुलिस को बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से वह पैसा निकालने का प्रयास कर रही थी। तकनीकी समस्या के कारण पैसा नहीं निकला। पीछे खड़ा एक जालसाज उसकी मदद का बहाना बनाकर उसका डेबिट कार्ड बदल दिया। कुछ देर बाद खाते से निकासी का मेसेज मोबाइल पर आया।
युवक ने की अश्लील हरकत, मुकदमा दर्ज
मंडुवाहीह क्षेत्र की एक महिला ने एक युवक पर अभद्रता और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर मंडुवाडीह थाने में बिंद बस्ती, शिवदासपुर निवासी मुरारी यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
चखना के विवाद में दुकानदार ने युवक को पीटा
रोहनिया थाना क्षेत्र के गंजारी निवासी गोवर्धन मौर्य शनिवार की शाम राजा क्षेत्र में चखना की दुकान पर गया था। किसी बात पर दुकानदार और गोवर्धन में विवाद हुआ। आरोप है कि दुकानदार ने राॅड से गोवर्धन पर हमला कर दिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पत्नी सुषमा देवी की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खनन विभाग ने डंपर को कराया सीज
फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियाव के समीप जौनपुर जिले से अवैध खनन कर डंपर से लाई जा रही मिट्टी को खनन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। इस दौरान तीन अन्य डंपर लेकर चालक भाग निकले। इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि वाराणसी-जौनपुर बार्डर पर करखियाव एग्रो पार्क में जौनपुर जिले से अवैध ढंग से मिट्टी खनन कर डंपर से लाई जा रही थी। शनिवार की रात जिला खनन अधिकारी ने छापा मारकर एक डंपर को चालक सहित पकड़ लिया। पुलिस ने खनन अधिकारी की तहरीर पर डंपर को सीज कर दिया।
लॉन से जेवर और नकदी चुराने का आरोपी गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कड़िया गांव निवासी कालू को शिवपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी के 6500 रुपये और एक जोड़ी पायल बरामद की गई है। कालू के तीन दोस्त पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। कालू और उसके तीन दोस्तों ने 10 दिसंबर 2024 को दानूपुर स्थित एक लॉन में वैवाहिक समारोह के दौरान गहने और नकदी से भरा सूटकेस चुराया था।
दुष्कर्म और धमकी देने का आरोपी जेल गया
कोरौता गांव निवासी राहुल कुमार गौतम उर्फ गुल्ली को दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में लोहता थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लोहता थानाध्यक्ष ने बताया कि एक किशोरी की मां ने गत 11 जनवरी को मुकदमा दर्ज कराया था। महिला का आरोप है कि राहुल उनकी बेटी के साथ गालीगलौज करते हुए दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी दी।
जमीन पर कब्जे को लेकर मारपीट, पथराव
सलारपुर मार्ग स्थित एक गेस्ट हाउस में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पीड़ित संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि खाली जमीन के पीछे भाग पर कब्जा किया जा रहा था। विरोध करने पर सभी ने मारपीट की और चहारदीवारी ढहा दी। पत्थरबाजी में परिवार और आसपास के लोग घायल हुए। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डुप्लीकेट चाबी से ताला खोल कर गहने चुराए
फुलवरिया में एक बंद मकान में बीते माह घुसे चोर डुप्लीकेट चाबी से आलमारी खोलकर नकदी और गहने चुरा ले गए। दिल्ली में रहने वाले भुक्तभोगी ने कैंट थाने में तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
डॉ. उदयभान सिंह ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से गाजीपुर के निवासी हैं और दिल्ली में कार्यरत हैं। फुलवरिया में उनकी पत्नी रहती हैं। वह घटना के समय अपनी बहन के लड़के की शादी में आजमगढ़ गई थी। बंद कमरे को डुप्लीकेट चाबी से खोल कर अंदर अलमारी में रखे 75 हजार रुपये और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए।
विश्वकर्मा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत
सपा नेता व अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामआसरे विश्वकर्मा का काशी पहुंचने पर रविवार को स्वागत किया गया। सर्किट हाउस में समाज के पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान कहा कि विश्वकर्मा समाज के लोग पीडीए के संदेश को गांव से लेकर शहर तक पहुंचाने में पार्टी के नेताओं के साथ सहयोग करें।
सर्किट हाउस से वह विश्वनाथ धाम पहुंचकर दर्शन पूजन किया। विश्वनाथ धाम में सपा नेता विष्णु शर्मा के नेतृत्व में समाज के लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष हरिशंकर विश्वकर्मा, संजू विश्वकर्मा, सूबेदार विश्वकर्मा, सुशील विश्वकर्मा आकाश विश्वकर्मा आदि शामिल रहे।
दो इंस्पेक्टरों को नई जिम्मेदारी मिली
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बीती रात दो इंस्पेक्टरों को नई जिम्मेदारी दी। पुलिस आयुक्त ने इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह को साइबर क्राइम थाना प्रभारी और इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के प्रभारी के पद पर तैनात किया है।
खिचड़ी पहुंचाकर आ रहा युवक नहर में गिरा
मिर्जामुराद के मोंगलाबीर गांव में भुआलपुर माइनर की पिच रोड से बाइक सवार केला बेला (अदलपुर) गांव निवासी श्याम सुंदर प्रसाद नहर में गिर गया। श्याम सुंदर को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। श्याम सुंदर ने बताया कि वह पूरे गांव में अपनी बहन के घर खिचड़ी पहुंचाने गया था। वहां से वापस वह घर आ रहा था। उसी दौरान उसके साथ हादसा हो गया।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक घायल
लंका थाना क्षेत्र के मदरवा में रविवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार गोविंद साहनी (24) घायल हो गया। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने घायल को बीएचयू ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया।
मालगाड़ी की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल
फुलवरिया गेट नंबर-चार पर मालगाड़ी की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पुलिस ने उसे दीनदयाल अस्पताल भिजवाया। उसकी हालत गंभीर देख कर डॉक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घायल की पहचान कुंभारपुरवा निवासी प्रमोद कुमार (29) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रमोद नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था।
गंगा में कूदे युवक का शव बरामद
रीवा घाट पर बीती देर रात लगभग 25 वर्षीय युवक अस्सी घाट से दौड़ते हुए आया और गंगा में कूद गया। युवक का शव रविवार की सुबह जल पुलिस और 11 एनडीआरएफ के जवानों ने गंगा से बाहर निकाला। युवक जींस पैंट और जैकेट पहना हुआ था। पुलिस युवक के शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
महाप्रबंधक ने एटीवीएम से खुद निकाला जनरल टिकट
कैंट स्टेशन पर रविवार को उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने हाल जाना। प्रवेश द्वार और निकासी द्वार पर होल्डिंग एरिया तक जाने के लिए बड़े आकार में संकेतक लगाने का अधिकारियों को निर्देश दिया। रेलवे हेल्पलाइन नंबर 18004199139 पर खुद बात की और एटीवीएम से टिकट निकाल कर सुविधाओं को परखा।
इसके पहले उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर, दोनों होल्डिंग एरिया, प्लेटफाॅर्म नंबर एक और नए एफओबी का निरीक्षण किया। इमरजेंसी मेडिकल रूम, कार व ऑटो रिक्शा पार्किंग व कैंट स्टेशन-मालगोदाम मार्ग को देखा।
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सफाई व्यवस्था की स्थिति जानी। इस बीच एईएन कॉलोनी पहुंचे महाप्रबंधक ने फोर्स के लिए आवंटित सामुदायिक भवन की सुविधाएं देखी। कॉलोनी की दीवारों पर रंगरोगन और पार्क के सुंदरीकरण का निर्देश दिया। रेलकर्मियों के परिजनों से संवाद के जरिये सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली। कहा कि रेलकर्मियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएगी। वहीं, रेलकर्मियों के बच्चों के साथ तस्वीर भी खिंचवाई।
मंडुवाडीह में छह घंटे गुल रहेगी बिजली
बिजली निगम की ओर से बेहतर आपूर्ति को लेकर आरडीएसएस योजना के तहत कराए जाने वाले कार्यों के लिए सोमवार को मंडुवाडीह उपकेंद्र से जुड़े इलाके में छह घंटे आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता सप्तम शुभम पांडेय ने बताया कि सोमवार को मडुवाडीह उपकेंद्र से सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक एलटी लाइन पर कार्य करवाने को लेकर अष्टभुजी माता मंदिर और आसपास के इलाके में आपूर्ति बाधित रहेगी।
पेंशन के लिए जनसंवाद 16 को
एनई रेलवे मेंस कांग्रेस की ओर से पूर्वोत्तर रेलवे के लहरतारा प्रेक्षागृह में पेंशन जनसंवाद का आयोजन 16 जनवरी को किया जाएगा। कार्यकर्ता सम्मान समारोह भी होगा। रेलवे ट्रेड यूनियन चुनाव में प्रचंड जीत पर कार्यकर्ताओं का आभार केंद्रीय अध्यक्ष अखिलेश पांडेय जताएंगे। इस दौरान वाराणसी और इज्जतनगर मंडल के रेलकर्मी मौजूद रहेंगे।
बात नहीं बनी तो कल से होगी हड़ताल
कैंट स्टेशन पर प्रीपेड व्यवस्था लागू नहीं होने पर ऑटो यूनियन ने हड़ताल का मन बनाया है। ऑटो यूनियन अध्यक्ष भगवान सिंह ने बताया कि प्रीपेड की पर्ची नहीं कटी तो 14 जनवरी मकर संक्रांति पर सभी ऑटो चालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। इस संबंध में डीआरएम को संबोधित पत्रक भी एडीआरएम को सौंपा गया है।
बीएचयू आएंगे नासा समेत पांच महाद्वीपों के वैज्ञानिक
बीएचयू में तीन से छह फरवरी के बीच इन्वायरमेंट एंड क्लाइमेट चेंज पर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस होगा। इस कार्यक्रम के इंटरनेशनल एडवाइजरी कमेटी में नासा के चीफ साइंटिस्ट और अंतरिक्ष में जाने वाले वैज्ञानिकों व यात्रियों को ट्रेनिंग देने वाले प्रोफेसर कमलेश लुल्ला भी शामिल किया गया है।
इनके अलावा ऑॅस्ट्रेलिया, यूरोप, उत्तरी अमेरिका, एशिया समेत 5 महाद्वीपों के पर्यावरण वैज्ञानिकों और पर्यावरणविदों की इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में सहभागिता होगी। कॉन्फ्रेंस को कुल आठ थीम में बांटा गया है। हर थीम के सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतकर्ता और पोस्टर प्रजेंटेशन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
आईओई खर्च का बिल जमा करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी
बीएचयू में आईओई (इंस्टीट्यूट ऑफ एमिनेंस) फंड के तहत वैज्ञानिक कार्यों में खरीदी गई सामग्रियों का बिल जमा करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी है। इस दिन तक सभी संकाय सदस्यों और लाभकर्ताओं को बिल पासिंग यूनिट में जमा करना होगा। वहीं, रिकरिंग बिल और मैन पॉवर बिल जमा करने की अंतिम तिथि 20 मार्च तय की गई है। बीएचयू में 1000 करोड़ रुपये से चल रहीं पांच आईओई स्कीम 31 मार्च को बंद हो जाएंगी।
यादें रफी में गूंजे तराने
काशी संगीत परिषद की ओर से संचालित सप्तक की ओर से मोहम्मद रफी की 100वीं वर्षगांठ यादें रफी का आयोजन हुआ। उपशास्त्रीय गायिका डॉ. सुचरिता गुप्ता के निर्देशन में सप्तक की महिलाओं ने मोहक प्रस्तुति से रफी को याद किया। उन्होंने राग मालकौंस में मन तड़पत हरि दर्शन को आज..., चतुरंग शैली में मधुवन में राधिका नाचे रे...आदि प्रस्तुतियों से विभोर किया। इस मौके पर प्रो. संगीता पंडित, शशिप्रभा अग्रवाल, विनय जैन, विनोद अग्निहोत्री, डॉ. रूबी शाह, मोनी अग्रवाल आदि रहीं।
ब्रज आनंद की भूमि
कथावाचक प्रेमधन लालन महाराज ने कहा कि भगवान का स्वरूप समझना है तो भागवत सबसे उत्तम साधन है। इसमें चारों वेद, तेरह उपनिषद और 18 पुराणों का सार है। उन्होंने कहा कि इस सृष्टि में जो कुछ हो रहा है और जो कुछ होने वाला है सब प्रभु इच्छा है, सब उनकी कृपा से ही हो रहा है। त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार एवं राधाकृपा परिवार की ओर से दुर्गाकुंड स्थित धर्मसंघ में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन रविवार को उन्हें प्रवचन में ये बातें कहीं। अंत में आरती हुई। सोमवार को सुबह 10 बजे से कथा होगी।
डॉ. विनय को आईआईएम नागपुर में अचीवर्स अवॉर्ड
शिक्षाविद व उद्यमी डॉ. विनय प्रकाश तिवारी को आईआईएम नागपुर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में एल्युमनाई अचीवर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। डैडीज इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर और एलटीपी कैलकुलेटर फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक डॉ. तिवारी को फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया। डॉ. तिवारी ने कहा कि उनकी कंपनी का आधुनिक ऑप्शन चेन टेक्नोलॉजी टूल देशभर में ट्रेडर्स और निवेशकों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है।
हेरिटेज इंस्टीट्यूट में वार्षिकोत्सव पनेसिआ का समापन
शहर के हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में 9 से 11 जनवरी 2025 तक तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव ‘पनेसिआ’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के डायरेक्टर डॉ. आकाश राय, प्रिंसिपल कर्नल डॉ. बीके प्रसाद और चिकित्सा अधीक्षक ब्रिगेडियर डॉ. अवतार नारायण ने किया।
वार्षिकोत्सव में छात्रों ने खेलकूद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, क्विज, डिबेट, नाटक मंचन आदि गतिविधियों में हिस्सा लिया। विजेताओं को सर्टिफिकेट और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के सदस्य ब्रिगेडियर डॉ. केके लहरी, डॉ. भयाल, डॉ. प्रीति कपूर, डॉ. पारुल अग्रवाल, डॉ. रवि, डॉ. महक जैन डॉ. मुकेश आदि भी उपस्थित रहे।
विद्यानिवास मिश्र के जन्मदिवस पर सम्मान समारोह और संगोष्ठी
हिंदी उपन्यासों की कथाभूमि विषय पर 14-15 जनवरी को राष्ट्रीय संगोष्ठी और भारतीय लेखक शिविर का आयोजन होगा। दुर्गाकुंड स्थित धर्म संघ में पं. विद्यानिवास मिश्र के 100वें जन्मदिवस पर विद्याश्री न्यास और आगरा के केंद्रीय हिंदी संस्थान, साहित्य अकादमी और चंदौली के लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय के द्वारा ये कार्यक्रम कराया जाएगा।
कार्यक्रम में मुक्ति चेतना, राष्ट्र, गांव, बाजार, प्रेम, किसान, आदिवासी, दलित, थर्ड जेंडर, पर्यावरण और आतंकवाद पर चर्चा होगी। इसमें पांच विद्वानों को सम्मानित भी किया जाएगा। श्रीप्रकाश मिश्र को विद्यानिवास मिश्र स्मृति सम्मान, डॉ. बलभद्र को विद्यानिवास लोक कवि सम्मान, राम जनम भारती को राधिका देवी लोक कला सम्मान, नरोत्तम शिल्पी को श्रीकृष्ण तिवारी गीतकार सम्मान और राकेश शर्मा को विद्यानिवास पत्रकारिता सम्मान दिया जाएगा।
संपूर्णानंद में 27 को अतिथि व्याख्याता इंटरव्यू
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 27 जनवरी को अतिथि व्याख्याता पद के लिए इंटरव्यू होगा। दोपहर 12:30 बजे से कुलपति कार्यालय में साक्षत्कार होगा। व्याख्याताओं को हर महीने 15 हजार रुपये या प्रति लेक्चर अधिकतम 400 रुपये दिया जाएगा। फिलहाल नेपाली भाषा में अनारक्षित कैटेगरी के लिए एक पद पर आवेदन शुरू हो गया है। फॉर्म संपूर्णानंद विवि की वेबसाइट पर जारी हो गया है।
आईआईटी-बीएचयू में कल पतंगबाजी प्रतिस्पर्धा
आईआईटी-बीएचयू में कल पतंगबाजी की प्रतिस्पर्धा होगी। सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक एडीवी ग्राउंड पर सामूहिक तौर पर पतंग उड़ाई जाएगी। करीब 5 घंटे तक हवा में पतंगबाजी चलेगी। प्रतियोगिता में भाग लेने की रजिस्ट्रेशन फीस 100 रुपये है। इसके लिए कुल दो टीमें बनाईं जाएंगी।
सत्येंद्र ने ली अध्यक्ष पद की शपथ
स्माइल परिवार सिंधी सेवा समिति का 11वां शपथ ग्रहण समारोह रविवार को सिगरा स्थित एक होटल में मनाया गया। सत्येंद्र मंशानी ने अध्यक्ष पद, नरेश रामचंदानी ने सचिव, देवेंद्र सुसरानी ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ली। महिला सह संयोजिकाओं में भाविका आडवाणी, भूमिका हेमानी ने शपथ ली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अम्बरीश सिंह भोला, विशिष्ट अतिथि हिंदू युवा वाहिनी महानगर अध्यक्ष अजय सिंह रहे। इस मौके पर सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस. कुमार सुखवानी, दीक्षा अधिकारी, जय प्रदवानी मौजूद रहे। संचालन रवि सेहता और विनय साधवानी ने किया।
महिला सदस्यों का संगठन देगा व्यापार को बढ़ावा
इंडिया बिजनेस फोरम (आईबीएफ-4) की लाॅन्चिंग बीती शाम सिगरा स्थित एक होटल में हुई। इसमें उद्यमिता और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए 108 महिला सदस्यों ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। आईबीएफ-4 में सिर्फ महिला सदस्यों को जोड़ा गया है।
जय श्री फाउंडेशन की तरफ से संगठन की प्रमुख आकांक्षा मिश्रा, रिचा दुबे, रश्मि केसरवानी और डॉ. दीपाली गुप्ता को बनाया गया है। इसी तरह बैच-2 की प्रमुख दिव्या अग्रवाल, कंचन भट्टाचार्य, शीतल बरनवाल, रमेश सेठ को बनाया गया। कार्यक्रम में डॉ. एके कौशिक, पूजा मधोक, शालिनी राणा, इंदु सिंह, शशिकला भारती, सौरभी गुप्ता, पूजा गुप्ता, रूपेश महेश्वरी आदि रहे।
सामाजिक कार्यों में आगे रहता है संगठन
दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि सराफा एसोसिएशन अपने दायित्वों के प्रति सजग रहते हुए सामाजिक कार्यों में हमेशा आगे रहता है। महमूरगंज स्थित लॉन में वाराणसी सराफा एसोसिएशन की ओर से आयोजित नव वर्ष अभिनंदन कार्यक्रम में उन्होंने ये विचार रखे।
इस दौरान सराफा कर्मचारी से 131 ग्राम सोने के हार के लूट का खुलासा करने वाले कोतवाली, भेलूपुर और रामनगर थाना व एसओजी की टीम को सम्मानित किया गया। स्मारिका दैनंदिनी का लोकार्पण डाॅ. नीलकंठ तिवारी, संपादक संजय अग्रवाल, संस्था अध्यक्ष संतोष अग्रवाल और महामंत्री रवि सर्राफ ने किया। धन्यवाद शशांक अग्रवाल ने किया।
हरियाली बढ़ाने के लिए लगेंगे 19901 पौधे
शहर में हरियाली बढ़ाने और प्रदूषण कम करने के लिए वीडीए की ओर से छह किमी के इलाके में 19901 पौधे लगाए जाएंगे। पहले चरण में शिवपुर इलाके में पौधे लगेंगे। इसके लिए सर्वे शुरू हो गया है।
वीडीए के अधिकारी और कर्मचारी भी इसकी नियमित देखरेख करेंगे। सड़कों पर प्रदूषण अधिक होने के कारण वहां ज्यादा घने पौधे लगाए जाएंगे। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने कार्य जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया है। शहरी क्षेत्र के डिवाइडरों पर पौधे लगाने से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि प्रदूषण भी कम होगा।
केंद्रीय मंत्री ने किया पुस्तक का लोकार्पण
अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल का नए साल में प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। रविवार को बाबतपुर एयरपोर्ट पर रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल की अगुवाई में उन्हें बुके दिया गया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े बजाकर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद सभी लोग सर्किट हाउस पहुंचे। यहां अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज के प्राचीन इतिहास विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नंदिनी पटेल की पुस्तक भारतीय संस्कृति में अप्सरा का लोकार्पण किया। इस दौरान कॉलेज की प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह, डॉ. नरेंद्र पटेल, देवांशु कुमार, महेंद्र पटेल, अजीत कुमार आदि मौजूद रहे।
शहनाई-सैक्सोफोन की युगलबंदी के हुए मुरीद
कला प्रकाश की ओर से भेलूपुर स्थित एक होटल में सांगीतिक संध्या का आयोजन हुआ। पं. रविशंकर के शिष्य व दिल्ली के प्रसिद्ध शहनाई वादक पं. संजीव शंकर और पं. अश्विनी शंकर ने शहनाई वादन से संगीत संध्या की शुरुआत की। शंकर बंधुओं ने राग बिहाग में आलाप के बाद मध्य एवं द्रुत तीनताल में बंदिशों को विस्तार दिया।
इसके बाद डेनमार्क के ग्रैमी अवाॅर्ड विजेता कलाकार लार्स मौलर ने सैक्सोफोन पर रागश्री पेश किया। भजन रघुपति राघव राजा राम... की धुन के बाद राग भैरवी में बनारसी दादरा की धुन से समापन किया। धन्यवाद ज्ञापन अशोक कपूर और संचालन डॉ. अनुराधा रतूड़ी ने किया।
मनाया नया साल, महिलाओं ने जीते पुरस्कार
श्री काशी अग्रवाल समाज की ओर से नए साल के स्वागत में आयोजित कार्यक्रम में समाज की महिलाओं-बच्चों ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। इस दौरान खेलकूद के साथ ही मनोरंजक प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर प्रतिभागियों ने पुरस्कार जीते। अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज परिसर में समाज की महिलाओं-बच्चों सहित अन्य सदस्यों की भीड़ उमड़ी रही।
मुख्य अतिथि अशोक सराफ ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से समाज के लोगों के बीच आपसी समन्वय बढ़ता है। इसमें सभी को बढ़चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। इस दौरान मेगा प्राइस सुपर बंपर प्राइस, हाऊजी और विभिन्न खेल आकर्षण के केंद्र रहे।
प्रशांत मिस्टर और शिवालिका बनीं मिस फ्रेशर
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महामना पं. मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान में एमजेएमसी प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के स्वागत में रविवार को फ्रेशर्स पार्टी हुई। इस दौरान प्रशांत को मिस्टर फ्रेशर और शिवालिका को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं, नेहा मिस क्वीन चुनी गईं।
निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि जिसके जीवन का कोई लक्ष्य नहीं है, उसका जीवन व्यर्थ है। इस दौरान डॉ. दयानंद, डॉ. वशिष्ठ नारायण सिंह, डॉ. संतोष कुमार मिश्र, डॉ. जय प्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. जिनेश आदि मौजूद रहे।
मौली अली की जयंती पर कल निकलेगा जुलूस
हजरत अली की जयंती पर 14 जनवरी को हजरत अली समिति के बैनर तले जुलूस निकाला जाएगा। समिति के सचिव हाजी फरमान हैदर ने रविवार को पराड़कर भवन में पत्रकारों को बताया कि जुलूस मैदागिन से सुबह नौ बजे निकलेगा जो विभिन्न मार्गों से दरगाहे फातमान पहुंचेगा। यहां सेमिनार का आयोजन किया गया है।
इसमें संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र, नीचीबाग गुरुद्वारे के धर्मवीर सिंह, काशी धर्म प्रांत के बिशप फादर यूजीन जोसेफ, तिब्बती विश्वविद्यालय के प्रो. रमेशचंद्र नेगी आदि शामिल होंगे। इस दौरान समाज में विशिष्ट योगदान देने वालों को बाबुल इल्म अवॉर्ड, विलायत दुर्रे, नजफा अवॉर्ड दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दोषीपुरा सहित अन्य इलाकों से उठे जुलूस भी मुख्य जुलूस में शामिल होंगे।
विद्यापीठ के छात्रों ने किया जागरूक
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से महाकुंभ-2025 जागरूकता अभियान के तहत रोड शो का आयोजन किया गया। नदेसर स्थित तारांकित होटल से रोड शो का शुभारंभ जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने हरी झंडी दिखा कर किया। इस रोड शो में पर्यटन अध्ययन संस्थान, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की। यह कार्यक्रम डॉ. ज्योतिमा (असिस्टेंट प्रोफेसर एवं प्लेसमेंट अधिकारी) के निर्देशन में हुआ।
शिविर में 185 मरीजों की सेहत की जांच
अघोरेश्वर महाविभूति स्थल में अघोरेश्वर भगवान राम योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र में निशुल्क होमियोपैथिक चिकित्सा शिविर लगाया गया। 185 मरीजों की जांच कर दवा दी गई। उद्घाटन श्रीसर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम ने किया। डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. आशीष, डॉ. विजय प्रताप, डॉ. एसपी पटेल, डॉ. आशुतोष विश्वकर्मा ने मरीजों की जांच की।
शाइन सिटी के सीएमडी सहित 15 पर मुकदमा
शाइन सिटी कंपनी के सीएमडी राशिद नसीम और एमडी आसिफ नसीम सहित 15 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मंडुवाडीह थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई चांदपुर की रहने वाली मधुलता कुमारी की तहरीर के आधार पर की गई है।
मधुलता कुमारी ने पुलिस को बताया कि वह मूलरूप से बिहार के बांका जिले के बेलसिरा शंभूगुज की रहने वाली हैं। उन्होंने राशिद नसीम व उसके भाई आसिफ नसीम, सिद्धगिरी बाग निवासी अमिताभ श्रीवास्तव, मंडुवाडीह के राजीव सिंह, सुनील पांडेय, चंद्रेश पटेल, अभिषेक सिंह, सुरेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, रोहित कुमार, मुश्ताक आलम, अनिल मिश्रा, मोहम्मद इजहार अंसारी, चम्मन लाल, शमा फामी, शगुफ्ता खान से दरेखू, रोहनिया में 1000 वर्ग फीट जमीन लेने की बातचीत की थी।
आरोपियों को उन्होंने सात लाख 70 हजार 445 रुपये दिए थे। उन्हें न जमीन मिली और न उनका पैसा वापस मिला। पैसा वापस मांगने पर जानमाल की धमकी दी जा रही है। इस संबंध में मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।