बीएचयू में हुए धरना-प्रदर्शन और लाठीचार्ज की घटना की न्यायिक जांच का पहला चरण बुधवार को पूरा हुआ। बीएचयू में प्रवास के तीसरे दिन हाईकोर्ट के अवकाश प्राप्त जज जस्टिस वीके दीक्षित दिन में करीब 11 बजे त्रिवेणी गर्ल्स हॉस्टल पहुंचे और घटना के बारे में छात्राओं से जानकारी ली।
इसके बाद वे महिला महाविद्यालय भी गए और छात्राओं से बात की। दोपहर बाद वे बीएचयू से चले गए। इससे पहले उन्होंने बीएचयू सिंहद्वार से लेकर वीसी आवास तक के मार्ग का भी निरीक्षण किया।
उधर, मंगलवार और बुधवार को घटना के संबंध में 15 से अधिक छात्र-छात्राओं ने न्यायिक जांच समिति के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए। छात्रावास पहुंचने पर छात्राओं ने जस्टिस वीके दीक्षित को 21 से 23 सितंबर तक के घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी।
सूत्रों की मानें तो दीपावली बाद एक बार फिर जस्टिस दीक्षित विश्वविद्यालय आ सकते हैं।