सिंहद्वार के बाहर प्रदर्शन करते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के छात्रावासों की फीस बढ़ाने और उसे जमा करने का दबाव बनाने के विरोध में शुक्रवार को एलबीएस छात्रावास के छात्रों ने बीएचयू के सिंह द्वार पर धरना दिया। छात्रों ने विश्वविद्यालय का मुख्य द्वार बंद कर प्रदर्शन किया और बीएचयू प्रशासन पर छात्र हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। शाम छह बजे के बाद करीब घंटे भर तक विश्वविद्यालय का गेट बंद कर छात्रों ने बीएचयू प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की।
छात्रों के धरने की सूचना शुक्रवार की शाम पाकर मौके पर पहुंचे प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों और पुलिसकर्मियों ने छात्रों को मनाने का प्रयास किया लेकिन छात्रों का कहना था कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन फीस वृद्धि वापसी का लिखित आदेश नहीं जारी करता है तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
छात्रों ने बताया कि छात्रावास कोरोना काल में बंद होने के बाद भी बीएचयू प्रशासन की ओर से छात्रावास की जो फीस ली जा रही है वह गलत है। लगातार फीस जमा करने का दबाव भी बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीएचयू प्रशासन को छात्रों की मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।