बीएचयू में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा की तैयारी में लगे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर हैं। केंद्रों की सूची फाइनल होने के बाद अब स्नातक और स्नातकोतर के अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र तैयार कराए जा रहे हैं। 16 से 31 अगस्त तक होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए अभ्यर्थी सप्ताह भर पहले वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड लर सकेंगे।
बीएचयू में स्नातक और स्नातकोतर में होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए 16 से 31 अगस्त तक की तिथि पहले ही प्रस्तावित कर दी गई है। अब विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से पाठ्यक्रम वार प्रवेश पत्र तैयार कराए जा रहे हैं। ऑनलाइन परीक्षा कराए जाने वाली संस्था को केंद्रों की सूची भेजी गई थी। वहां औपचारिकता पूरी होने के बाद परीक्षा विभाग प्रवेश पत्र वितरण के साथ ही प्रवेश परीक्षा कार्यक्रम तैयार करने में लगा हैं।
सवा लाख अभ्यर्थी इस बार अलग अलग पाठ्यक्रमों में परीक्षा देंगे। अगस्त के पहले सप्ताह में ही प्रवेश परीक्षा कार्यक्रम वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा। इसके तुरंत बाद प्रवेश पत्र अपलोड किए जाएंगे। परीक्षा नियंता मनोज पांडेय ने बताया कि सभी तैयारियां अंतिम चरण में है। केंद्रों की सूची तय होते ही उसे अगस्त के पहले सप्ताह में जारी करने और परीक्षा से सप्ताह भर पहले प्रवेश पत्र अपलोड करने की तैयारी चल रही है।