भजन सम्राट अनूप जलोटा के भजनों की जादू श्रोताओं के सिर चढ़कर बोला। उन्होंने गायन की शुरुआत जग में सुंदर हैं दो नाम, चाहे कृष्ण कहो या राम...से की। इसके बाद तो श्रोताओं की फरमाइशों का सिलसिला शुरू हो गया। चाहने वालों की मांग पर अनूप जलोटा ने ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन...की प्रस्तुति से भक्ति की रसधार बहाई।
बुधवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कोरोना योद्धा सम्मान कार्यक्रम में पहुंचे थे। अनूप जलोटा व साहिल सोलंकी प्रस्तुतियों ने श्रोताओं का दिल जीत लिया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों से 28 लोगों को सम्मानित किया गया। इस दौरान बनारस घराने के ख्याल गायक पं. राजन मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कोरोन योद्धा सम्मान के पश्चात किरण सेंटर के बच्चाें ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। सम्मानित होने वालों में उद्यमी आरके चौधरी, अखिलेश खेमका, एनजीओ में रोटी बैक, ऑरेंज कैफे, होप फाउंडेशन के अलावा व्यक्तिगत तौर पर अमन कबीर, सोनम कुमारी, विनय सिंह, डॉ. दीप्ति दीक्षित आदि शामिल रहे। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर मृदुला जायसवाल, मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल व जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा मौजूद रहे। अवार्ड के जूरी पद्मश्री डॉ. राजेश्वर आचार्य, पद्मश्री रजनीकांत एवं नारायण खेमका रहे। इस दौरान पद्मविभूषण पं. साजन मिश्र, अजय जायसवाल, विशाल जायसवाल, नीरज पारिख, उदय राव, अंजनी पांडेय मौजूद रहे।