अस्पताल में सर्जन के दो स्वीकृत पद में से एक खाली, रेडियोलॉजी और एनीसथीसिया में तीन-तीन में दो-दो पद खाली है। इसके अलावा ईएनटी में दो पदों में एक खाली, आर्थो में तीन में एक खाली हैं जबकि बाल रोग विशेषज्ञ के दो पद में एक भी नहीं है। हृदय रो, न्यूरो फिजिशियन, दंत चिकित्सक,प्लास्टिक सर्जन के एक-एक पद हैं, जो कि सभी खाली हैं। सीएमएस डॉ. अमरेंद्र चंद दूबे का कहना है कि जो भी चिकित्सक हैं, उनसे मरीजों की बेहतर सेवा की जा रही है। खाली पदों के बारे में अधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी हैं।
मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में कुल 41 स्वीकृत पदों के सापेक्ष 30 चिकित्सक हैं। इसमें हृदय रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, चेस्ट फिजिशियन है ही नहीं जबकि कई पदों में भी संख्या स्वीकृत के अनुसार कम हैं। एसआईसी डॉ.एसपी सिंह के अनुसार हृदय रोग विशेषज्ञ के दो पद में एक खाली, एनीस्थीसिया के तीन में एक खाली जबकि रेडियोलॉजिस्ट में तीन स्वीकृत पदों में कोई डॉक्टर नहीं है।
साथ ही ईएनटी में दो में एक, चेस्टफीजिशियन दो पद में दोनों खाली है। फिजिशियन के तीन स्वीकृत पदों में एक पर स्थायी और दो पर संविदा चिकित्सक तैनात हैं। प्लास्टिक सर्जन के साथ ही सुपरस्पेशियलिटी सेवाओं के लिए कोई नहीं है। अस्पताल में जो भी चिकित्सक मौजूद हैं, उनके सहयोग से ओपीडी, वार्ड के साथ ही इमरजेंसी में भी मरीजों की सेवा की जा रही है।
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में हृदय रोगस्वीकृत 50 पदों के सापेक्ष 31 पर स्थायी चिकित्सक हैं। इसके अलावा 13 संविदा और चार चिकित्सक पुनर्नियोजन पर हैं। सीएमएस डॉ. दिग्विजय सिंह के अनुसार अस्पताल में हृदय रोग, चेस्ट फिजिशियन, प्लास्टिक सर्जन, चर्मरोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट की कमी है। स्थायी के साथ ही संविदा और पुनर्नियोजन के जो भी चिकित्सक हैं, उनसे मरीजों की सेवा की जा रही है। स्थायी तैनाती के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।
सरकारी अस्पतालों में बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने वार्ड में भर्ती मरीजों के बेेहतर इलाज के उद्देश्य से जिला अस्पताल में 24 घंटे डॉक्टरों की तैनाती का आदेश जारी किया है। बताया कि इस व्यवस्था से निश्चित तौर पर भर्ती मरीजों को इसका लाभ मिलेगा। बताया कि अस्पतालों में खाली पदों के सापेक्ष शासन के निर्देश पर संविदा और पुनर्नियोजन के माध्यम से भी चिकित्सकों की तैनाती की जा रही है।
उधर सीएमओ के आदेश के क्रम में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. दिग्विजय सिंह ने 13 डॉक्टरों की दो शिफ्ट में अलग-अलग दिनों की ड्यूटी लगाई हैं। खास बात यह है कि दिन में सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे तक ओपीडी चलने के बाद वार्ड में पहली शिफ्ट में डॉक्टर दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक जबकि दूसरी शिफ्ट रात आठ बजे से अगले दिन सुबह आठ बजे तक डयूटी देंगे।