वाराणसी। ‘हजयात्रा-2018’ के लिए आवेदन बुधवार से शुरू हो जाएंगे। 15 नवंबर से लेकर सात दिसंबर तक आवेदन की प्रक्रिया चलेगी। पूर्वांचल हज सेवा समिति की ओर से 15 आवेदन केंद्र बनाए गए हैं, जहां आवेदक अपने फार्म भर सकते हैं। आवेदकों की सहूलियत के लिए समिति की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
पूर्वांचल हज सेवा समिति के जनरल सेक्रेटरी व मास्टर हज ट्रेनर डॉ. अकबर अली ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी और सहायता हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर हासिल की जा सकती है। हज आवेदन के लिए दालमंडी, नई सड़क, ककरमत्ता, रेवड़ी तालाब, पीलीकोठी, सरैया, बड़ी बाजार, मकबूल आलम रोड, पुलिस लाइन चौराहा कचहरी, लल्लापुरा, चौकाघाट समेत 15 केंद्र बनाए गए हैं। यहां पर शिविर लगाकर हज पर जाने के इच्छुक लोगाें को फार्म भरने में मदद की जाएगी। हेल्पलाइन नंबर 9415219421, 9415374586, 9415269626, 9336921529, 9839878316, 9532982662 और 7275561931 के जरिए भी आवेदकों को सहायता मुहैया कराई जाएगी। कहा कि हज आवेदन के लिए पासपोर्ट होना जरूरी है। जिनका पासपोर्ट नहीं है वो तत्काल आवेदन कर दें। सात दिसंबर तक या उससे पहले के जारी पासपोर्ट पर ही हजयात्रा के लिए आवेदन मान्य होगा।