चबूतरे पर बुलड़ोजर चलता देख रुकने लगी हृदयगति
कलक्ट्रेट में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फिर से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की गई थी। इस पर राजस्व और पुलिस टीम जेसीबी के साथ गांव पहुंचीं। बताया कि जिस समय चबूतरे को जेसीबी से तोड़ा जा रहा था, उसी समय वहां मौजूद ओमपाल के वृद्ध भाई हरदम सिंह अचानक गिर पड़े। परिजन उन्हें लेकर सीएचसी शामली पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को गांव ले आए।
वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपक चतुर्वेदी के मुताबिक परिजनों का कहना है कि मृतक के पुत्र गांव से बाहर हैं। उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराने के बारे में कुछ कह पाएंगे।
टीम के गांव से लौटने के बाद हुआ वृद्ध का निधन
इस संबंध में एसडीएम सदर बृजेश कुमार सिंह का कहना है कि गांव बहावड़ी में प्रधान की तरफ से ओमपाल के घर के बाहर रास्ते में चबूतरा बनाकर अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी। राजस्व और पुलिस टीम ने उसे हटवा दिया।
राजस्व टीम के गांव से लौटने के बाद वृद्ध की हृदय गति रुकने से निधन होने की जानकारी मिली है। उनका कहना है कि वृद्ध को पहले से बीमार होना बताया है। वहीं, परिजनों की तरफ से अभी तक शिकायत नहीं मिली है।
राजस्व टीम और गांव प्रधान को ठहराया जिम्मेदार, गिरफ्तारी की मांग
परिजनों ने राजस्व टीम और प्रधान को मौत का जिम्मेदार बताया है। उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए देने से भी मना कर दिया है। साथ ही कहा कि जब तक गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक अंतिम संस्कार भी नहीं करेंगे।