भाजपा के जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि बरेली का विकास स्मार्ट सिटी के तहत तेजी से हो रहा है। यहां निर्माण कार्य चल रहे हैं। इसके चलते लोगों को सड़कों पर थोड़ी समस्या हो रही है, लेकिन आने वाले कुछ महीनों में ये सब खत्म हो जाएगी। लोगों को पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा सहूलियतें मिलेंगी।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मयंक शुक्ला और जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्मार्ट सिटी की कोई प्लानिंग ठीक नहीं है। नाली टूटी हुई हैं, सीवर खुले हुए हैं... विकास के नाम पर केवल मजाक हो रहा है। सड़कें खोदकर छोड़ दी जाती है। केवल कागजों में ही विकास हो रहा है। राजेश अग्रवाल ने कहा कि सपा सरकार में बरेली में 300 बेड का अस्पताल बना था, जो कोरोना के समय आम लोगों के काम आया। भाजपा सरकार में कोई काम नहीं हुआ है। भाजपा के मेयर भी कहते हैं कि उनकी कोई बात अफसर नहीं सुनते हैं।
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि शहर में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ। कोई प्लानिंग नही है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलेनी ने कहा कि स्मार्ट सिटी की केवल घोषणाएं हुई हैं। देहात इलाकों में कोई काम नहीं हुआ है। भाजपा सरकार ने गड्डा मुक्त सड़कों का नारा दिया, लेकिन कोई काम नहीं किया। फैक्ट्रियां बंद पड़ी है। युवा बेरोजगार हैं।
बरेली में सत्ताधारी पार्टी भाजपा के नेताओं से सवाल पूछते हुए समाजवादी पार्टी के नेता।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस नेता हाजी इस्लाम ने कहा कि भाजपा सरकार में केवल दिखावे का विकास हुआ है। हकीकत इससे परे है। अगर विकास की हकीकत देखनी है तो पुरानी बरेली की गलियों में चले जाएं। कांग्रेस नेता कृष्णकांत शर्मा ने कहा कि मंदिर और श्मशान के नाम पर योगी आदित्यनाथ ने सरकार बनाई थी, लेकिन दोनों की हालत काफी खराब है। सड़कों पर हर तरफ अब केवल गड्डे ही नजर आते हैं।
कांग्रेस की महिला नेता ने कहा कि महंगाई काफी बढ़ गई है। युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। बच्चों के लिए कोई काम नहीं किया।
भाजपा ने दिया जवाब...
महिला कांग्रेस नेता के सवालों का जवाब भाजपा की महिला नेता ने दिया। कहा कि आज आप भी (कांग्रेस नेत्री) चेन पहनकर बाहर निकली हैं। पहले ये नहीं हो पाता था। सपा, बसपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं थी। बच्चों के लिए कायाकल्प योजना शुरू की गई है। शिक्षा का स्तर काफी बेहतर हुआ है।
भाजपा के एक अन्य युवा समर्थक ने कहा कि पहले गली-गली में चेन स्नेचिंग होती थी, महिलाएं असुरक्षित रहती थी। आज सभी सुरक्षित हैं।
बरेली के मुद्दों के बारे में बोलते हुए नेता।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस के जिलाउपाध्यक्ष दिनेश दत्ता ने गाय और गौशाला का मुद्दा उठाया। कहा कि आज जो गायों पर हालात है उसपर चर्चा करिए। सड़कों पर गाय मर रहीं हैं। इस पर भाजपा के नेता ने कहा कि गायों को कटने से भाजपा की सरकार ने ही बचाया है। गोशाला में गायों को रखा जा रहा है। उनका ख्याल रखा जाता है।