उन्नाव के बारासगवर में कॉलेज से लौट रही इंटर की छात्रा को धानीखेड़ा छोटा चौराहा पर ट्रक ने रौंद दिया। छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस पर चालक को छोड़ने का आरोप लगा परिजनों और ग्रामीणों ने ऊंचगांव-लालकुंआ मार्ग पर जाम लगा दिया। बीघापुर सर्किल के सभी थानों का फोर्स बुला लिया गया।
एसडीएम और सीओ के समझाने के बाद भी लोग जाम खोलने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने लाठियां पटक कर लोगों को खदेड़ा। पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव की तैयारी कर रहे युवक को हिरासत में लिया है। हंगामे के दौरान सात घंटे जाम लगा रहा। पहाड़ीखेड़ा मजरे दिग्विजयपुर निवासी गंगा विष्णु की 17 वर्षीय पुत्री मोनी देवी निहालीखेड़ा स्थित इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा थी।
शनिवार दोपहर 12 बजे वह साइकिल से स्कूल से घर लौट रही थी। धानीखेड़ा के छोटा चौराहा पर तेज रफ्तार ट्रक ने छात्रा को कुचल दिया। इससे मौके पर उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कुछ दूरी पर ट्रक खड़ा कर भाग निकला। परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचते ही सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों ने बारासगवर के एक उपनिरीक्षक पर लेनदेन के बाद चालक को छोड़ने का आरोप लगाते हुए जाम लगा हंगामा शुरू कर दिया।