मिट्टी के अवैध खनन में लगे ट्रैक्टर को पकड़ता सिपाही। संवाद
- फोटो : UNNAO
बांगरमऊ। तीन दिनों से अनुमति की आड़ में हो रहे अवैध खनन की शिकायत पर मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी को देख खनन कर रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके से एक जेसीबी तथा ट्रैक्टर को पकड़ा। वहीं भाग निकले 5 ट्रैक्टरों की तलाश जारी है।
नगर के मोहल्ला दुबियाना में जेसीबी से हो रहे अवैध खनन की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की गई। एसपी ने क्षेत्राधिकारी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। कोतवाली प्रभारी श्याम नारायण सिंह रविवार दोपहर मौके पर पहुंचे तो उन्हें देखकर खनन कर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। कोतवाली प्रभारी ने जेसीबी चालक आवेश अली से खनन की अनुमति दिखाने को कहा तो वह कागज नहीं दिखा सका। पुलिस ने मौके से एक जेसीबी मशीन तथा ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लिया। जबकि चालक पांच ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकले।
पुलिस ने जेसीबी को सीज कर अवैध खनन की रिपोर्ट खनन अधिकारी को भेजी है। एसडीएम अंकित शुक्ला ने बताया कि अवैध खनन की सूचना पर जेसीबी व ट्रैक्टर को कोतवाली में खड़ा करा दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।