असोहा। एक साल पहले पिता की मौत के बाद से मानसिक रूप से बीमार युवक का शव घर से 50 मीटर दूरी पर तालाब की जलकुंभी में फंसा मिला। वह रविवार रात से लापता था। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। परिजनों ने दौरा पड़ने से तालाब में गिरने व डूबकर मौत होने का अंदेशा जताया है।
असोहा गांव निवासी दिनेश (19) पुत्र सोनी रविवार की रात खाना खाने के बाद घर के बाहर बरामदे में लेटा था। सुबह उसे चारपाई पर न देख परिजनों ने तलाश शुरू की। मंगलवार को उसकी चप्पल घर से 50 मीटर दूरी पर सगरा तालाब के किनारे मिलीं। परिजनों ने तालाब में खोजबीन की तो शव तालाब की जलकुंभी मे फंसा मिला। शव देख मां सुमित्रा व अन्य परिजन बेहाल हो गए। मृतक दिनेश पांच भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। परिजनों के अनुसार दिनेश के पिता सोनी का एक साल पहले निधन हो गया था।
तब से वह मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। उसे दौरे भी आते थे। मां ने दौरा पड़ने से तालाब में गिरने और डूबने से मौत का अंदेशा जताया है। एसओ रामआसरे चौधरी ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।