निराला प्रेक्षागृह में प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रमाणपत्र दिखाते लाभार्थी व मौजूद सांसद सा?
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के 5373 लाभार्थियों का पक्के आवास का सपना पूरा हो गया है। इन लाभार्थियों के खातों में सोमवार को एक साथ आवास की किस्त पहुंची। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत तीन सौ पटरी दुकानदारों को 20 हजार का कर्ज भी दिया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से आवास व स्वनिधि योजना के लाभार्थियों (जनपद के लाभार्थी शामिल नहीं) से सीधा संवाद किया। शहर के निराला प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में सांसद हरि साक्षी महाराज व सदर विधायक पंकज गुप्ता की मौजूदगी में लाभार्थियों ने सीएम का संवाद सुना। फिर मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन एक क्लिक से लाभार्थियों के खातों में आवास व कर्ज की राशि ट्रांसफर की। सांसद व विधायक ने लाभार्थियों को आवास किस्त व पटरी दुकानदारों को कर्ज का प्रमाणपत्र सौंपा। जनपद के सभी 16 नगर निकायों में प्रधानमंत्री आवास के 1721 लाभार्थियों को पहली किस्त के रूप में 50 हजार, 868 लाभार्थियों को द्वितीय किस्त के 1.50 लाख और 2784 लाभार्थियों को तृतीय किस्त के 50 हजार रुपये खातों में पहुंचे। डीएम रवींद्र कुमार, एडीएम राकेश कुमार सिंह, पीओ डूडा अरविंद कुमार सिंह मौजूद रहे।
नगर पंचायत बीघापुर में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान सभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने शिरकत की। अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने गरीब के इलाज के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष में से सर्वाधिक लाभ उनके पत्रों के माध्यम से हुए हैं। उन्होंने अभी तक अपने एक तिहाई वेतन को भी राहत कोष में देने की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। चेयरमैन गोविंद नारायण शुक्ला, अधिशाषी अधिकारी राजेश कुमार दुबे, अरुण कुमार दीक्षित व शत्रुघ्न सिंह उपस्थित रहे।
बांगरमऊ नगर पालिका परिषद में आयोजित कार्यक्रम में अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने शिरकत की। कहा कि योजना से कच्चे घरों में निवास करने वालों को पक्के घर का सपना पूरा हुआ। नगर पंचायत पुरवा में विधायक अनिल सिंह मौजूद रहे। नगर पंचायत हैदराबाद में सफीपुर विधायक बंबालाल दिवाकर ने लाभार्थियों में प्रमाणपत्र वितरित किए।