मिशन शक्ति के तहत 15 अगस्त पर शहर में जागरूकता रैली निकालतीं महिला पुलिस। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। उत्कृष्ट व सराहनीय कार्य करने वाले जिले में तैनात दो निरीक्षक व एक दरोगा को 15 अगस्त पर पुलिस लाइन में सम्मानित किया गया। दो को एडीजी जोन ने लखनऊ में और एक को एसपी ने सम्मानित कर हौसला बढ़ाया। जिला स्तर पर भी एसपी ने सराहनीय कार्य करने वाले आठ पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पौधरोपण के साथ एसपी ने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को जागरूक करने के लिए पुलिस बल के साथ शहर में रूट मार्च निकाला।
रविवार को एसपी कार्यालय के प्रधान लिपिक उपनिरीक्षक रजनीश शुक्ल को एडीजी जोन एसएन साबत ने लखनऊ में प्लेटिनम डिस्क व निरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्र को सिल्वर डिस्क देकर सम्मानित किया। पुलिस लाइन में एसपी अविनाश पांडेय ने कोतवाल बांगरमऊ मुकुल प्रकाश वर्मा को सराहनीय सेवा चिह्न देकर सम्मानित किया। जीआरपी के हेडकांस्टेबल लव कुमार को भी सम्मानित किया गया। जिले स्तर पर चयनित आठ अन्य पुलिस कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य पर एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। शाम को एसपी अविनाश पांडेय ने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को जागरूक करने के लिए महिला पुलिस बल के साथ रूट मार्च निकाला। एसपी कार्यालय से गांधी नगर तिराहा तक रूट मार्च निकाला गया। इस दौरान सीओ सफीपुर बीनू सिंह, सीओ सिटी कृपाशंकर सिंह, महिला थाना एसओ प्रेमवती मौजूद रहीं।