दहीचौकी स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में प्रदर्शन करते विद्युत तकनीशियन। संवाद
- फोटो : UNNAO
सोनिक। वेतन विसंगतियों समेत अन्य मांगों को लेकर राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ के बैनर तले सभी विद्युत तकनीशियनों (टीजी-2) ने दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू किया। पहले दिन दही चौकी स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन के दौरान सरकार से मांगें पूरी करने के लिए कहा गया।
सोमवार सुबह 10 बजे विद्युत तकनीशियन दही चौकी स्थित विद्युत वितरण मंडल अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर इकट्ठा हुए। यहां पर मध्यांचल उप महासचिव वीरेंद्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह व कार्यवाहक अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। कहा कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। विद्युत तकनीशियन की मांग है कि अवर अभियंता के ठीक नीचे उनका पद है। इसलिए उसे 4200 ग्रेड पे का लाभ दिया जाए।
तकनीशियन को पहला टाइम स्केल अवर अभियंता, दूसरा सहायक अभियंता और तीसरा अधिशासी अभियंता का दिया जाए। उनकी अवर अभियंता पद पर पदोन्नति 40 प्रतिशत कोटे को ध्यान में रखते हुए की जाए। धरना मंगलवार को भी जारी रहेगा। इस दौरान अमित भारतीय, रोहित सिंह, भीष्म देव, अनुराग अवस्थी, गोपाल पांडे, लक्ष्मीनारायण, उमेश सिंह, अशोक, प्रेमचंद, विनय, रमाशंकर गुप्ता, भूपेंद्र मौजूद रहे।