उन्नाव जिले में 300 रुपये को लेकर दो युवकों में विवाद हो गया। बीच-बचाव कराने पहुंचे पिता को एक युवक ने पीटकर मौत के घाट उतार दिया। हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में है।
उन्नाव जिले में अजगैन कोतवाली क्षेत्र के खड़ेहरा गांव में मंगलवार देर रात एक युवक पड़ोसी युवक से बकाया रुपए मांगने गया था। इस दौरान दोनों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता को पीटकर आरोपी युवक ने मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
मृतक के छोटे बेटे ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली क्षेत्र खडेहरा गांव निवासी बाबूलाल का बेटा रामचंद्र मंगलवार रात लगभग 11 बजे पड़ोस में रहने वाले सुनील से बकाया 300 रुपये की मांग करने गया था। इस दौरान दोनों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
बेटे से मारपीट की खबर सुन 65 वर्षीय पिता बाबूलाल मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव कराने लगा। आरोपी ने बाबूलाल की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। परिजनों की सूचना पर रात में ही अजगैन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के छोटे बेटे रामचंद्र ने आरोपी सुनील पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।