सोनिक/बिछिया(उन्नाव)। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के विशुनपुर गांव में मंगलवार की रात किसान की ईंटों से वार हत्या की गई। बुधवार भोर पहर घर से करीब 20 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे खून से लथपथ शव मिला। सुबह एसपी, एएसपी ने घटनास्थल पर पहुंच तफ्तीश की। एसपी ने हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। किसान की पत्नी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर में नौ गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। चिकित्सक ने ईंट से सिर में वार करने की आशंका जताई।
अजगैन कोतवाली के विशुनपुर निवासी बाबूलाल (52) पुत्र चेतई मंगलवार की रात अपने एक मित्र के घर जाने की बात कह घर से निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजन सो गए। बुधवार सुबह गांव में मुनेश्वर के घर से रामायण कथा सुनकर लौट रहे पड़ोसी रामऔतार ने बाबूलाल को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। उसके कपड़े अस्त व्यस्त थे। उसने इसकी सूचना बेटे किशन व प्रधान कमलेश को दी। देर रात परिजन बाबूलाल को जिला अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस पर बुधवार सुबह नौ बजे एसपी एमपी वर्मा, एएसपी वीके पांडेय, हसनगंज सीओ भीमकुमार गौतम ने घटनास्थल पर पहुंच जांच की। घटना की तफ्तीश के लिए डॉग स्कवॉड व फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल व मृत किसान के घर के आसपास भटकने के बाद खोजी कुत्ता लौट आया। एसपी एमपी वर्मा ने बताया कि बाबूलाल की पत्नी ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का शक जताया है। पत्नी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।