अमर उजाला ब्यूरो
चकलवंशी। संडीला मार्ग पर माखी थानाक्षेत्र के गांव जोधाखेड़ा के निकट पैदल जा रहा युवक बाइक की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बाइक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सफीपुर कोतवाली के स्टेशनरोड निवासी बाबूलाल उर्फ बबली (42) पुत्र चंद्रपाल माखी थानाक्षेत्र के मिर्जापुर अपनी ससुराल पैदल जा रहा था। हादसे में युवक के पीठ व सिर में गंभीर चोट आईं। वह सड़क पर गिर गया। मामला मंगलवार देर रात का होने से वह काफी समय तक सड़क किनारे तड़पता रहा। सूचना के लगभग डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पत्नी सुषमा ने बताया कि जेठ गोपाल सफीपुर में चाय की दुकान करते हैं। पति वहीं गए थे।
वहीं से ससुराल जा रहे थे। मृतक के तीन बच्चों में दो बेटी व एक बेटा है। थानाध्यक्ष जावेद अख्तर ने बताया कि बाइक को थाने में खड़ा कराया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बाइक चालक का पता लगाया जा रहा है।
- पैदल जा रहा था घर, चालक बाइक छोड़कर भाग निकला