कृष्णा नगर मोहल्ले में टैंकर से पानी भरती महिलाएं। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जल निगम की मनमानी एक बार फिर लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। नगर पालिका को बिना सूचना दिए रात में की गई ड्रिलिंग से पांच सौ मीटर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे बाबूगंज और कृष्णानगर की जलापूर्ति ठप है।
अमृत योजना के तहत जल निगम शहर में भूमिगत पाइप लाइने बिछाने का काम कर रहा है। ठेकेदार की मनमानी लोगों के लिए मुसीबत बन रही है। नगर पालिका को सूचना दिए बिना रात में कराई जा रही ड्रिलिंग से पहले से पड़ी भूमिगत पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। परियोजना का काम करा रही एजेंसी ने दस दिन पहले मोहल्ला बाबूगंज में भूमिगत पाइप लाइन के लिए ड्रिलिंग की थी। नगर पालिका को सूचना न दिए जाने से कर्मियों को यहां पहले से पड़ी भूमिगत पाइप लाइन की जानकारी नहीं हो सकी और ड्रिलिंग के दौरान कई स्थानों पर टूट गई। नगर पालिका पिछले सात दिन में चार जगह फाल्ट ठीक कर चुका है लेकिन जलापूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है। एक जगह फाल्ट ठीक करते ही दूसरी जगह पाइप लाइन फूट जाती है। जलापूर्ति ठप होने से वार्ड नंबर आठ के मोहल्ला बाबूगंज और कृष्णानगर की डेढ़ हजार आबादी पेयजल की समस्या से जूझ रही है।
शिकायत पर ठेकेदार जेसीबी लेकर मोहल्ला बाबूगंज पहुंचा और सड़क खोदकर पाइप लाइन बदलने की कवायद शुरू की, लेकिन सीसी सड़क होने से खुदाई नहीं हो पाई। इस पर एक-दिन में हैमर मशीन से सड़क तोड़कर नई पाइप लाइन डलवाने का आश्वासन दिया।
नगर पालिका के जलकल अभियंता विवेक कुमार ने बताया कि जल निगम के लोग खुदाई से पहले जानकारी नहीं देते हैं। इससे समस्या आती है। एक महीने पहले सिविल लाइंस में भी यही समस्या आई थी। पाइप लाइन दुरुस्त कराई जा रही है।
सभासद राजेश कुमार ने बताया कि पानी की समस्या को देखते नगर पालिका से प्रतिदिन टैंकरों से पानी मंगवाया जा रहा है। इससे कुछ राहत मिल जाती है। जल्द मरम्मत नहीं कराई तो एफआईआर दर्ज कराएंगे।