सुल्तानपुर। बगियागांव-बिरसिंहपुर रोड पर हुए गड्ढे में डोमनपुर गांव के पास रविवार की देर रात गिट्टी लदा ट्रक फंस गया। सड़क के बीचो-बीच ट्रक फंसने से रोड पर आवागमन सोमवार सुबह नौ बजे तक ठप रहा। सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
कई ट्रक गिट्टी लादकर रविवार की रात बिरसिंहपुर स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के प्लांट पर जा रहे थे। रात में बगियागांव-बिरसिंहपुर मार्ग पर डोमनपुर गांव के पास एक ट्रक गड्ढे में फंस गया। सड़क के बीचोबीच ट्रक फंसने से बगियागांव-बिरसिंहपुर मार्ग पर जाम लग गया। सोमवार की सुबह भी जाम नहीं खुल सका। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस रास्ते पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई। इस मार्ग से निकलने वाले स्कूली वाहन व बच्चों को भी आने जाने में असुविधा का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि एक्सप्रेस-वे निर्माण में लगे डंपरों की वजह से पूरी सड़क बर्बाद हो गई है। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर एसडीएम जयसिंहपुर राम अवतार के निर्देश पर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जुड़ी निर्माण इकाई ने जेसीबी भेजकर गड्ढे में फंसी ट्रक को निकलवाया। सुबह करीब नौ बजे जाम खुलने पर यातायात बहाल हो सका।