सुल्तानपुर। सुल्तानपुर-प्रतापगढ़ रेलवे लाइन पर पयागीपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास गार्डर रखने को लेकर ओएचई लाइन की ऊंचाई को दुरुस्त करने का कार्य रविवार को किया गया। इस दौरान सुल्तानपुर-प्रतापगढ़ रेलवे रूट पर डेढ़ घंटे का ब्लॉक लिया गया। ब्लॉक के समय किसी भी ट्रेन का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।
लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित पयागीपुर के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर सुल्तानपुर-प्रतापगढ़ रेलवे क्रॉसिंग पर गार्डर रखे जाने हैं। इसको लेकर सुल्तानपुर-प्रतापगढ़ रेलपथ की ओएचई (ओवर हेड इलेक्ट्रिफिकेशन) लाइन की ऊंचाई ठीक किए जाने का कार्य पयागीपुर रेलवे क्रॉसिंग के आस-पास चल रहा है।
रविवार की दोपहर करीब 12 बजे रेलवे की ओर से सुल्तानपुर-प्रतापगढ़ रेलपथ पर करीब डेढ़ घंटे का ब्लॉक लिया गया। रेलपथ पर ब्लॉक लेने के साथ ही पॉवर कट करके टावर वैगन से ओएचई लाइन की ऊंचाई को दुरुस्त किया गया।
इससे लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग के यातायात पर कुछ खास असर नहीं रहा। रेलवे के असिस्टेंट डिवीजनल इलेक्ट्रिकल इंजीनियर संकल्प उपाध्याय ने बताया कि पयागीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर गार्डर रखे जाने का कार्य जल्द ही शुरू होगा। इसके लिए ओएचई लाइन की ऊंचाई को ठीक किया जा रहा है।