सुल्तानपुर। छात्र संगठन एसएफआई ने छात्रों के हित में सिटी बस चलवाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया। शहर के बस स्टेशन स्थित एसएफआई कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। रैली में शामिल छात्रों ने सरकार विरोधी नारे लगाए। इसके बाद एसएफआई के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा।
एसएफआई के प्रदेश अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों और टैक्स वसूली के चलते पेट्रोल-डीजल के दाम अनियंत्रित हो गए हैं। इसकी वजह से बस, ऑटो, टेंपो का किराया तीन गुने से भी ज्यादा बढ़ गया है। जो छात्र पांच रुपये में कॉलेज पहुंचता था, वह अब 20 रुपये किराया दे रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र समस्याओं को देखते हुए शहर से कॉलेज को जोड़ने वाली एक सिटी बस सेवा शुरू की जाय, जो अमहट से चलकर केएनआई फरीदपुर तक जाए और वापसी में केएनआई होते हुए केशकुमारी, राणाप्रताप, गनपत सहाय कॉलेज पयागीपुर तक संचालित हो। जिलाध्यक्ष सैफ हामिद अली खान ने कहा कि तमाम छात्र 20 से 25 किलोमीटर की दूरी से शहर पढ़ने के लिए आते है, जो अब मुमकिन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में हर छात्र पढ़ें, इसे ध्यान में रखते हुए फ्री स्टूडेंट बस पास बनवाया जाय।
राणाप्रताप पीजी कॉलेज के अध्यक्ष पार्थ सारथी ने कहा कि हमारे अभिभावक अभी भी घरों पर बेरोजगार बैठे हैं। कई अभिभावकों की नौकरी भी छूट गई है। ऐसे में बढ़ी हुई फीस कहां से भरी जाएगी। इस मौके पर राजीव तिवारी, सलिल धुरिया, रोहित, प्रशांत द्विवेदी, अभिषेक कुमार, दीपक यादव, सुनील धुरिया, विवेक त्रिपाठी, दिवाकर शुक्ल समेत बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।