सुल्तानपुर में प्रदर्शन करते कांग्रेसी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। किसानों की जिद के चलते देश के प्रधानमंत्री को अखिरकार कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा करनी पड़ी। यह देश के किसानों, भारतीय संविधान व भारतीय लोकतंत्र की जीत है। शनिवार को कांग्रेसियों ने कृषि कानूनों की वापसी पर शहर में विजय जुलूस निकाला। यह जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर पहुंच समाप्त हुआ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने के बाद शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा की अगुवाई में विजय जुलूस निकाला गया। जुलूस जिला कांग्रेस कमेटी से निकलकर डाकखाना चौराहा, गल्ला मंडी, चौक, सब्जी मंडी, अस्पताल तिराहा, बस स्टेशन, दीवानी चौराहा होते हुए वापस कार्यालय पर पहुंच संपन्न हुआ। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि देश के किसान इस बिल में शामिल प्रमुख तीन कानूनों के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस मौके पर प्रदेश सचिव मो. अनीस खां, शहर अध्यक्ष नौशाद हुसैन, महिला जिला उपाध्यक्ष रेनू श्रीवास्तव, हाजी मोहम्मद जमा खान, अमोल बाजपेयी, पुष्पा विजयपाल, पवन मिश्रा समेत कई लोग मौजूद रहे।