सुल्तानपुर। अखंडनगर क्षेत्र के अलाउद्दीनपुर गांव निवासी चंदन (21) शुक्रवार की दोपहर घर से कुछ काम के लिए निकला था। इस बीच गांव के राम केवल पाल के यहां सांप निकलने की बात उसे पता चली। चंदन सांप पकड़ने के लिए राम केवल के घर पर पहुंच गया। इसी बीच उसे सांप ने डस लिया।
पहले घर के लोग उसे झाड़-फूंक के लिए ले गए। हालत में सुधार नहीं होने पर चंदन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया। परिवारीजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चंदन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। चंदन की पत्नी सरोजा देवी, बेटी सलोनी व बेटे कृष्णा का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची अखंडनगर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।