सुल्तानपुर। जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1,87,742 लोगों को कनेक्शन मिल चुका है। इस योजना में घरेलू गैस का कनेक्शन मिल जाने से गरीब तबके के लोगों को चूल्हे पर खाना बनाने से फुर्सत मिली थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों से घरेलू गैस का दाम बढ़ने से लोग परेशान हैं। दाम अधिक हो जाने से काफी संख्या में लोग नियमित रूप से रिफिल नहीं ले रहे हैं।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत फेज-2 में वंचित लोगों को इससे जोड़ने की नई पहल की है। पूर्ति विभाग के मुताबिक फेज-2 में कनेक्शन लेने के लिए जिले के 1500 लोगों ने जरूरी अभिलेख जमा किया है। उम्मीद जताई जा रही है कि अभिलेखों की जांच पड़ताल के बाद इन लोगों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत नया कनेक्शन मिल जाएगा।
नहीं ले पा रहे सिलेंडर
करौंदीकला/मोतिगरपुर/कूरेभार। करौंदीकला ब्लॉक के परशुरामपुर गांव निवासी पार्वती देवी को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गैस का कनेक्शन मिला हुआ है। उन्होंने बताया कि महंगाई के कारण रुपये के अभाव में रिफिल नहीं ले रही हैं। बौढ़िया बालमऊ गांव की सिरपत्ती ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गैस का दाम लगातार बढ़ने से सिलेंडर नहीं ले पा रही हैं।
सरकार को चाहिए कि गैस का दाम कम करे। सुुंदरपुर गांव निवासी अनीता देवी पति की मौत हो जाने के बाद किसी तरह जीविका चला रही हैं। उन्होंने बताया कि गैस का दाम बढ़ने से वे फिर से उपली व लकड़ी के सहारे खाना बनाने को मजबूर हैं। मोतिगरपुर ब्लॉक पठखौली गांव निवासी सोनरावती ने बताया कि उन्हें पहले चरण में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस का कनेक्शन मिला था।
दो-तीन बार गैस सिलेंडर लिया था। महंगाई के कारण काफी समय से रिफिल नहीं ले रही हैं। इसी गांव की प्रेमा देवी ने बताया कि वे भी गैस का दाम बढ़ने से सिलेंडर नहीं पा रही हैं। कूरेभार ब्लॉक के सोनारा गांव निवासी तारा देवी को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस का कनेक्शन मिला हुआ है। वे कहती हैं कि गैस का दाम बढ़ जाने से वे सिलेंडर नहीं ले रही हैं।
वंचित लोगों को दिया जाएगा गैस का कनेक्शन : डीएसओ
जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जिले के 1,87,742 लोगों को कनेक्शन मिल चुका है। 1500 लोगों ने नया कनेक्शन लेने के लिए जरूरी अभिलेख जमा किया है। वंचित लोगों को फेज-2 में इस योजना के तहत गैस का कनेक्शन दिया जाएगा।