सुल्तानपुर। विधानसभा चुनाव की चल रही नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन एमएलसी चुनाव की भी नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। एमएलसी की एक सीट के लिए नाम निर्देशन शुक्रवार से होगा। नाम निर्देशन के लिए कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी के जनता दर्शन कक्ष को नामांकन कक्ष बनाया गया है। एमएलसी चुनाव के निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी रवीश गुप्ता स्वयं होंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार पांडेय को बनाया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि एमएलसी चुनाव के लिए 11 फरवरी तक सुबह 11 से तीन बजे तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीसीटीवी कैमरे व वीडियोग्राफी की नजर में नाम निर्देशन पत्र दाखिल होंगे।
बनाए गए 28 मतदान केंद्र
सुल्तानपुर। निर्वाचन आयोग की घोषणा के बाद विधान परिषद चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रतिनिधियों से होने वाले चुनाव को लेकर जिले में एमएलसी निर्वाचन के मतदान के लिए अमेठी व सुल्तानपुर को मिलाकर 28 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें सभी ब्लॉकों व जिला पंचायत को मतदान केंद्र बनाया है। जिले में 14 विकास खंडों के साथ जिला पंचायत को मतदान केंद्र बनाया गया है। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने बताया कि अमेठी में एमएलसी चुनाव के लिए 13 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एमएलसी के लिए 28 मतदान केंद्र होंगे।