23.24. भदैंया के बह्रम्जीतपुर गांव में युवक को पेड़ से बांध कर पीड़ते लोग।
- फोटो : SULTANPUR
भदैंया (सुल्तानपुर)। ब्रह्मजीतपुर गांव में दो दिन पूर्व बकरी चोरी के शक में एक युवक को पेड़ से बांधकर पीटने का वीडियो शनिवार को वायरल हो गया। वायरल वीडियो में युवक को पेड़ से उल्टा बांधकर लटकाया भी गया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लिया और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर केस दर्ज करने का आदेश दिया।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अहिमाने के ब्रह्मजीतपुर में गत बृहस्पतिवार को नशे में धुत एक युवक को ग्रामीणों ने बकरी चुराने के शक में पकड़ लिया था। ग्रामीणों ने युवक को पेड़ से रस्सी से बांध कर पीटा था। युवक बार-बार खुद को निर्दोष बताता रहा, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। पिटाई करने वालों ने युवक का पैर बांधकर पेड़ से उल्टा भी लटकाया था।
कुछ ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने युवक को छुड़ाकर भगा दिया था। दो दिन बाद शनिवार को पिटाई का वीडियो वायरल होने पर एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने संज्ञान लिया और पूरे मामले की जांच सीओ को सौंपी है। एसपी ने बताया कि वीडियो में युवक की पिटाई अथवा उल्टा लटकाने में शामिल लोगों की पहचान कर केस दर्ज किया जाएगा।