अस्पताल, मॉडल स्कूल व राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के बाद जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र को एक और सौगात मिलने जा रही है। क्षेत्र के सेमरी महमूदपुर में एक करोड़ 77 लाख 16 हजार रुपये की लागत से बालिका छात्रावास बनाया जाएगा। क्षेत्र में मौजूद वित्तीय सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों में अध्ययनरत छात्राएं हॉस्टल का उपयोग कर सकेंगी। हॉस्टल निर्माण से दूर-दराज की छात्राओं को सहूलियत मिलेगी।
प्रदेश के 29 जनपदों में कुल 50 बालिका छात्रावास बनाए जाने हैं। फैजाबाद मंडल में सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर एवं फैजाबाद में बालिका छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। सभी 50 हॉस्टल राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत बनाए जाएंगे। 25 जनवरी तक कार्यदायी निर्माण एजेंसी का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा परियोजना समिति की ओर से किया जाएगा। इसके बाद प्रथम किस्त के रूप में 53 लाख 14 हजार 800 रुपये अवमुक्त होंगे। कुल एक करोड़ 77 लाख 16 हजार रुपये में से एक करोड़ 70 लाख 25 हजार रुपये की लागत से छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। शेष छह लाख 91 हजार रुपये फर्नीचर, गैस कनेक्शन एवं अन्य जरूरी सुविधाओं में खर्च होंगे।
प्रदेश के 29 जनपदों में बनने वाले 50 हॉस्टल के लिए चार कार्यदायी संस्थाओं को जिम्मेदारी दी गई है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा परियोजना समिति इन्हीं चार कार्यदायी संस्थाओं में से निर्माण एजेंसी का चयन करेगी। इसी साल 20 अक्तूबर तक निर्माण एजेंसियों को छात्रावास के भवन का निर्माण कर विभाग को हस्तांतरित करना होगा।