सुल्तानपुर। कोरोना की भयानक त्रासदी में जिन बच्चों के माता-पिता की आकस्मिक मौत हो गई है, उनकी शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी शेम्सफोर्ड स्कूल उठाएगा। स्कूल के निदेशक ने ऐसे विद्यार्थियों को पूर्ण रूप से निशुल्क शिक्षा देने का निर्णय लिया है।
शहर के शेम्सफोर्ड स्कूल में आर्थिक रूप से परेशान कुछ बच्चे पहले से ही निशुल्क अध्ययन कर रहे हैं। कोरोना की वजह से बड़ी संख्या में जिले में मौतें हुई हैं। कुछ लोगों के परिवार ही इस बीमारी में बिखर गए हैं।
इस समस्या को देखते हुए विद्यालय ने ऐसे विद्यार्थी जिनके माता-पिता कोरोना महामारी में दिवंगत हुए हैं, उन्हें पूर्ण रूप से निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की घोषणा की है। विद्यालय के निदेशक रंजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना की वजह से नौकरी गवां चुके कई अभिभावकों के बच्चे बगैर रेगुलर फीस दिए ऑनलाइन कक्षाओं व मासिक टेस्ट में हिस्सा ले रहे हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजय तिवारी ने बताया कि अनाथ हुए बच्चों को न सिर्फ निशुल्क शिक्षा मुहैया कराई जाएगी बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।