सुल्तानपुर। पूर्वांचल विकास बोर्ड के सलाहकार साकेत मिश्र ने कहा कि बोर्ड में पूर्वांचल के विकास के लिए आए सुझावों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। अच्छे सुझावों पर प्रदेश सरकार की ओर से कार्य कराए जाने का आश्वासन मिला है। मंगलवार को उन्होंने कलेक्ट्रेट में प्रबुद्घजनों से सुझाव लिया।
पूर्वांचल विकास बोर्ड के सलाहकार साकेत मिश्र मंगलवार को सुल्तानपुर पहुंचे। उन्होंने कलेक्ट्रेट में जिले के प्रबुद्घजनों के साथ बैठक की। बैठक में पूर्वांचल जिलों के विकास पर चर्चा की। उन्होंने पूर्वांचल के विकास के संबंध में प्रबुद्घजनों से सुझाव लिया। कहा कि सरकार के निर्देश पर पूर्वांचल के विकास के लिए पूर्वी जिलों के प्रबुद्घजनों से बोर्ड की ओर से सुझाव लिया जा रहा है।
अभी तक बड़ी संख्या में सुझाव आए हैं। इसमें विकास के संबंधी विंदुवार सुझाव दिए गए हैं। प्रबुद्घजनों से चर्चा करते हुए आए सुझाव को उन्होंने शामिल किया। कहा कि पूर्वांचल के विकास के संबंध में आ रहे प्रमुख सुझावों को मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा। मुख्यमंत्री की ओर से प्रमुख सुझावों पर अमल का आश्वासन दिया गया है।
बैठक में साहित्यकार कमल नयन पांडेय, डॉ. सुधाकर सिंह, विकास शुक्ला, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी समेत कई लोगों ने अपने सुझाव दिए। कार्यक्रम में कुछ लोगों को सम्मानित भी किया गया।