यह खुलासा डीआईजी फैजाबाद रेंज विजय कुमार ने घटना में शामिल तीन अभियुक्तों की गिरफ्तार पर मंगलवार को किया। अभियुक्तों के पास घटना में प्रयुक्त नाइन एमएम व 32 बोर की पिस्टल भी बरामद हुई है।
कादीपुर क्षेत्र में नूरपुर अल्देमऊ गांव के पास गत 12 जून की रात में शिवकुमार सिंह, देव नारायण सिंह निवासी जलालपुर और प्रशांत सिंह निवासी नूरपुर अल्देमऊ की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।
ट्रिपल मर्डर से पुलिस में हड़कंप मच गया। एसपी सोनिया सिंह ने घटना के खुलासे के लिए छह टीमें गठित कीं। मंगलवार को कादीपुर कोतवाल रामजी चौधरी ने मुखबिर की सूचना पर सराय रानी मोड के पास बाइक सवार तीनों युवकों को पकड़ा।
उनके पास नाइन एमएम व 32 बोर की पिस्टल बरामद हुई। युवकों की पहचान अखिलेश तिवारी पुत्र देव नारायण तिवारी निवासी सरायरानी, कादीपुर, राज सिंह उर्फ बीर सिंह उर्फ सर्वेश पुत्र श्री नारायण सिंह निवासी पिपरसंडी, बेलघाट जिला गोरखपुर और अजय पांडेय पुत्र अशोक पांडेय निवासी भोएं, जामों जिला अमेठी के रूप में हुई।
छानबीन में बाइक रिशू सिंह उर्फ देवांश पुत्र बृज किशोर सिंह निवासी बरवारीपुर थाना कादीपुर की पाई गई। वह वर्तमान में जिला कारागार में हाजी मुन्ना हत्याकांड के आरोप में बंद है।
अखिलेश व राज सिंह ने पूछताछ में बताया कि नाइन एमएम व 32 बोर की पिस्टल जेल में बंद रिशू सिंह ने अभिषेक सिंह निवासी पश्चिम द्वारा थाना मुंशीगंज के माध्यम से पंकज सिंह निवासी ककना व प्रशांत सिंह निवासी नूरपुर अल्देमऊ की हत्या के लिए उपलब्ध कराई थी।