पुलिस कार्यालय में मौजूद पुलिस कर्मियों ने असलहे के साथ घुसे युवक के साथ ही उसका पीछा कर रहे एक युवक को पकड़ लिया। हालांकि मामला समझ आने के बाद पीछा करने वाले युवक की तहरीर पर एयर पिस्टल के साथ पकड़े गए युवक को प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
स्थानीय थाने के पूरे फाजिल गांव का रहने वाला अनुज तिवारी शुक्रवार सुबह श्री रणंजय इंटर कॉलेज के सामने शिव पुस्तक भंडार पर खड़े कटरा लालगंज निवासी अनुराग द्विवेदी से भिड़ गया।
मामला गरमाने के बाद अनुज ने कमर से एयर पिस्टल निकालकर अनुराग को मारने के लिए दौड़ा लिया। हालांकि इसी बीच अनुराग व उनके पक्ष के कुछ लोगों ने अनुज को दौड़ा लिया।
अपने आप को घिरता देख अनुज एयर पिस्टल लहराते हुए सड़क पर दौड़ते हुए सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय में घुस गया।
अनुज को एयर पिस्टल लहराते हुए दौड़ते देख जहां शहरवासियों में दहशत रही वहीं एकबारगी एसपी कार्यालय में मौजूद पुलिस कर्मी भी अवाक रह गए। हालांकि बाद में पुलिस कर्मियों ने अनुज और उसका पीछा कर रहे अनुराग को पकड़ लिया।
जांच में अनुज की गलती समझने के बाद पुलिस ने अनुराग की तहरीर पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक भरतराज सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कर अनुज को जेल भेजे जाने की पुष्टि की।