बौंडी (बहराइच)। जिला मुख्यालय से जेवरात खरीदकर गांव लौट रहे सराफा व्यवसायी पर गुरुवार देर रात बदमाशों ने हमलाकर नकदी और जेवरात समेत सवा लाख का सामान लूट लिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है लेकिन अभी केस दर्ज नहीं हुआ है। घटना से अन्य सराफा व्यवसायियों में दहशत है।
बौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत सलेमपुर गांव निवासी सराफा व्यवसायी नरेंद्र कुमार की सराफा दुकान खैरा बाजार में है। नरेंद्र जिला मुख्यालय से सोने-चांदी के जेवरात लाकर बिक्री करते हैं।
गुरुवार को वह जेवर खरीददारी बहराइच गए थे। देर रात जब वह 50 हजार के सोने-चांदी के जेवरात लेकर बाइक से लौट रहे थे तो खैरा-मरौचा मार्ग पर घात लगाए बैठे बदमाशों ने कट्टे के बल पर नरेंद्र को रोक लिया।
उनके रुकते ही कनपटी पर कट्टा लगाकर जेवरात भरा बैग छीन लिया। उनके गले से सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली। इसके अलावा 60 हजार रुपये और मोबाइल भी लूट लिए।
व्यवसायी ने विरोध किया तो उन्हें पीट दिया। इसके बाद असलहा लहराते हुए भाग निकले। नरेंद्र के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े।
सूचना पाकर कोतवाली देहात की पुलिस भी मौके पर पहुंची। नरेंद्र से तहरीर लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जांच के बाद केस दर्ज कर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले का खुलासा जल्द किया जाएगा।