गोमती नदी में युवक की तलाश करते गोताखोर।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। काछा भिटौरा गांव के पास से होकर गुजरी गोमती नदी में स्नान के दौरान मंगलवार को एक युवक डूब गया। युवक की तलाश में स्थानीय गोताखोर नदी में उतरे हैं, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका है। इसके साथ ही लखनऊ से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया है।
क्षेत्र के माधवपुर निवासी रवि प्रकाश गुप्ता (30) मंगलवार को गांव के बाहर से होकर गुजरी गोमती नदी में स्नान करने गया था। ग्रामीणों के अनुसार स्नान के दौरान गहरे पानी में पहुंचा रवि डूब गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मिलने पर एसडीएम जयसिंहपुर अरविंद कुमार पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों को नदी में तलाश के लिए उतारा। शाम तक युवक का सुराग नहीं लग सका था। एसडीएम ने बताया कि युवक की तलाश के लिए लखनऊ से एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। परिवारीजनों के मुताबिक रवि प्रकाश के पिता अशर्फीलाल मंगलवार को हर्निया का ऑपरेशन कराने सुल्तानपुर शहर में गए थे। उनकी पत्नी भानमती और छोटा बेटा सुनील ही घर पर मौजूद थे। रवि के नदी में डूबने की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मचा है।