कोच के साथ क्रिकेट खिलाड़ी प्रवेश पाल।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। जिले के कटकाखानपुर के रहने वाले प्रवेश पाल ने अंडर-19 केकेआर (कोलकाता नाइट राइडर्स) टीम के ट्रेनिंग कैंप में अपनी जगह बनाई है। 10 अप्रैल को महाराष्ट्र के वानखेड़े स्टेडियम में केकेआर टीम का मुकाबला डेयर डेविल दिल्ली की टीम से होगा। इस मैच में प्रवेश भी खेलेंगे।
कटकाखानपुर निवासी दयाराम पाल के पुत्र प्रवेश पाल महाराष्ट्र में कक्षा 10 में पढ़ाई कर रहे हैं। उनके पिता वहीं व्यवसाय करते हैं। बचपन से ही उनकी रुचि पढ़ाई के साथ क्रिकेट में थी। उन्होंने वहीं पर पढ़ाई के साथ-साथ क्रिकेट की प्रैक्टिस की। कड़ी मेहनत से उनका चयन अंडर-19 कोलकाता नाइट राइडर्स के ट्रेनिंग कैंप में हो गया। कोच अभिषेक नायर के नेतृत्व में वे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। क्रिकेट में उनकी ऑफ स्पिन बालिंग काफी बेहतर है। प्रवेश पाल ने फोन पर बताया कि 10 अप्रैल को उनकी टीम का मुकाबला दिल्ली की डेयर डेविल टीम से होगा।
यह मैच महाराष्ट्र के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में वे केकेआर (कोलकाता नाइट राइडर्स टीम) से खेलेंगे। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता व गुरुजनों को दिया है। उनका केकेआर टीम के ट्रेनिंग कैंप में चयन होने पर ध्रुव सिंह बघेल, प्रदीप पाल, विनीत सिंह, विनय, दिनेश, डॉ. अशोक पाल, शिवम आदि ने खुशी जताई है।