कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के अध्यक्ष ए भट्टाचार्य ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता बरकरार रखने में इलेक्ट्रानिक गैजेट्स बाधा बन गए हैं।
इसे रोकने के लिए बीएचयू के क्रिमिनल और बिहैवियर साइकोलाजिस्ट की मदद से केंद्र व्यवस्थापकों को प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रानिक गैजेट्स के जरिए नकल करने वालों पर नकेल कस सकें। आने वाले दिनों में परीक्षा प्रणाली को बेहतर बनाए जाने के साथ भर्ती प्रक्रिया में भी बदलाव किए जाने की जानकारी उन्होंने दी।
एसएससी की आगामी परीक्षाओं के मद्देनजर भट्टाचार्य शुक्रवार को यहां जिला रायफल क्लब में अधिकारियों और संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक के बाद पत्र प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। बताया कि हाल ही में दिल्ली में हुई परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रानिक गैजेट्स के जरिए नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ था।
ऐसे नकलचियों को पकड़ना काफी मुश्किल होता है। इसके मद्देनजर इलेक्ट्रानिक गैजेट्स के इस्तेमाल को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाया जा रहा है। एसएसएसी अध्यक्ष ने भर्ती प्रक्रिया में बदलाव की बात कही लेकिन इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
कहा कि अभी इस पर विचार चल रहा है। बताया कि एसएससी की परीक्षा प्रणाली को भी बेहतर बनाया जाएगा। इसके लिए जगह-जगह जाकर केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा के दौरान आने वाली दिक्कतों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इन दिक्कतों का निदान नए साल से किया जाएगा।
प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए जो भी उपाय होंगे, उन्हें अपनाया जाएगा। बैठक में एसएससी की निदेशक वंदना सेठी, रीजनल डायरेक्टर जेपी गर्ग, डिप्टी डायरेक्टर वीएन शुक्ला, एडीएम सिटी एमपी सिंह, डीआईओएस चंद्रजीत सिंह यादव के अलावा 32 केंद्र व्यवस्थापक मौजूद थे।