रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर शाहगंज थाना क्षेत्र के टेटी माइनर के समीप बृहस्पतिवार को साइकिल सवार दंपती बल्कर की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर ही पत्नी की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल पति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद चालक बल्कर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार घोरावल कोतवाली क्षेत्र के डोमहर (मुसरधारा) गांव निवासी गुलाब (60) साइकिल पर अपनी पत्नी प्रभावती (58) को बैठाकर शाहगंज जा रहे थे। रास्ते में टेटी माइनर के समीप घोरावल की तरफ से शाहगड्डज की ओर जा रहे अनियंत्रित बल्कर ने पीछे से साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार दंपती घायल हो गए। कुछ ही देर बाद महिला की मौत हो गई। सूचना पर शाहगंज एसओ संजय पाल मौके पर पहुंचे। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल भी घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल भेज दिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जा रही है। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शाहगंज थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना ग्रस्त बल्कर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
सड़क हादसे में युवक घायल
करमा थाना क्षेत्र के ककराही बाजार के समीप बृहस्पतिवार को बेकाबू होकर बाइक सवार एक युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से घायल को परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केकराही ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने घायल दीपक यादव (18) निवासी केकराही को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ट्रक की चपेट में आने से बच्चा घायल
संकट मोचन मंदिर के समीप बृहस्पतिवार को ट्रक के धक्के से ट्राई साइकिल सवार सात वर्षीय धनौरा गांव निवासी अयोध्या घायल हो गया। घायल बच्चा अपनी दिव्यांग मां के साथ बाजार में गया था। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी दुद्धी भेजने के साथ ट्रक को कब्जे में ले लिया। सीएचसी के चिकित्सक विनोद सिंह ने बताया कि बच्चे की हालत ठीक है।