ऑल टीचर्स एंड एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) ने प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर ट्विटर अभियान चलाया। शिक्षक/कर्मचारियों ने ट्वीट कर सभी राजनीतिक दलों से अपने चुनावी एजेंडे में पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा रखने की मांग की। पेेंशन बहाल कराने का वादा करने वाली पार्टी को वोट देने का एलान किया।
अटेवा के जिलाध्यक्ष राजकुमार मौर्य ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक जनवरी 2004 और उत्तर प्रदेश राज्य सरकार ने एक अप्रैल 2005 से पुरानी पेंशन योजना खत्म कर नई पेंशन योजना लागू कर दी है। वर्तमान में जो भी शिक्षक/कर्मचारी एनपीएस के अंतर्गत रिटायर हो रहा है उसकी पेंशन मात्र 500-1000 है। इस पेंशन से वर्तमान समय में किसी भी परिवार का गुजारा भत्ता संभव नहीं है। प्रदेश प्रभारी महिला प्रकोष्ठ रंजना सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव है और हम सभी पेंशनविहीन शिक्षक/कर्मचारी और हमारा उत्तर प्रदेश का 14 लाख परिवार उसी पार्टी को वोट करेंगे, जो हमारी पुरानी पेंशन को बहाल करेगा। मंडलीय मंत्री रामगोपाल यादव, अटेवा जिला सह संयोजक रविप्रकाश सिंह मौर्य, जिला महामंत्री सूर्यप्रकाश सिंह, जिला कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह, जिला मीडिया प्रभारी सर्वेश तिवारी, जिला प्रवक्ता प्रभाशंकर मिश्रा, जिला मंत्री राधेश्याम पाल, राजेश कुमार सिंह, उमा सिंह, अजय कुशवाहा, अंकित कुमार, विष्णु यादव, मनोज यादव, प्रेम सिंह, संजय कुमार, राजेश वैश्य, दिनेश दुबे, बीएन सिंह आदि ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए ट्वीट किया।