म्योरपुर ब्लॉक के कुलडोमरी ग्राम पंचायत में चल रहे पेयजल परियोजना का काम रुक गया है। खोदाई के दौरान जेसीबी से वायर कटने पर रेलवे विभाग की तरफ से कार्रवाई की गई है। इस नाते 15 दिन से काम रुका हुआ है। वहीं जल निगम के अधिकारियों की मानें तो काम शुरू करा दिया गया है।
कुलडोमरी ग्राम पंचायत में कुल 38 टोले हैं। सभी टोलों में ओवरहेड टैंक के जरिये पेयजल आपूर्ति की जानी है। ग्राम पंचायत के गौरीशंकर तिवारी, रामसेवक का कहना है कि खजुरा, सेमरतर, मेड़रदह सहित कई टोलों में पेयजल की आपूर्ति शुरू भी कर दी गई है। बिरनबहरा में कुछ हिस्सों में पेयजल आपूर्ति हो रही है लेकिन अभी मिर्चाधुरी, जोगेंद्रा टोला के साथ बिरनबहरा के कई मोहल्ले में अभी पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। मिर्चाधुरी के पास ओवरहेड टैंक निर्माणाधीन है। इसी टैंक से शेष टोलों में पानी की आपूर्ति की जानी है। 15 दिन पूर्व जोगेंद्रा में पाइपलाइन डालने के लिए जेसीबी से खोदाई किया जा रहा था। रेलवे लाइन के समीप खोदाई करते समय जेसीबी से रेलवे का वायर कट गया। वायर कटने से मगरदहा से मिर्चाधुरी रेलवे स्टेशन के बीच संपर्क टूट गया। इस पर जीआरपी ने जेसीबी चालक सहित तीन को हिरासत में लेकर चालान कर दिया था। इस नाते पाइपलाइन बिछाने का काम ठप हो गया। सोमवार तक पाइपलाइन का काम शुरू नहीं हो सका था। ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन डालने में मानक की अनदेखी की जा रही है। कहीं नीचे तो कहीं ऊपर पाइपलाइन डाली जा रही है। ऐसे में आगे चलकर परेशानी बढ़ सकती हैं।