घोरावल के उभ्भा कांड की बरसी पर बुधवार को घटना में मृतक 11 आदिवासियों को श्रद्धांजलि दी गई। गांव में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सांसद छोटेलाल खरवार समेत सपा व कांग्रेस के अन्य नेता पहुंचे। पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका हाल जाना।
घटना के पांच साल बाद भी ग्रामीणों से किया गया वादा पूरा न किए जाने पर सांसद ने असंतोष जताया। उधर, श्रद्धांजलि कार्यक्रम के लिए घटनास्थल पर जाने की कोशिश नाकाम रही। करीब दो सौ मीटर पहले ही प्राथमिक विद्यालय के पास प्रशासन ने सबको रोक दिया। एसडीएम ने ज्ञापन लेकर लोगों को वापस भेजा।
गांव में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद दोपहर में एक-एक कर करीब 80 लोग कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड के आवास पर एकत्रित हुए। पीड़ित परिवार घटना में मारे गए अपने परिजनों की तस्वीर और फूल माला लेकर पहुंच थे। वहां से सभी लोग श्रद्धांजलि देने के लिए घटनास्थल की ओर बढ़े।
रास्ते में एसडीएम राजेश कुमार सिंह, सीओ राहुल पांडेय, प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल के नेतृत्व में फोर्स ने सभी को प्राथमिक विद्यालय के पास रोक दिया।अपने-अपने घरों में ही कार्यक्रम मनाने के लिए कहा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड के नेतृत्व में उभ्भा कांड में मारे गए आदिवासियों के परिजनों ने मुख्यमंत्री को संबोधित 10 सूत्री ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में घटनास्थल पर शहीद स्थल एवं पार्क बनवाने, गांव में पूर्ण रूप से विद्युतीकरण करने, मंगरहां नदी पर पानी का फाटक लगाकर मूर्तियां बांध में पानी गिराने, वनाधिकार अधिनियम के तहत ग्रामीणों को पट्टा देने, मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर कराने की मांग प्रमुख रही।
ज्ञापन देकर सभी आदिवासी अपने घर लौट गए। उधर, दोपहर बाद पहुंचे सांसद छोटेलाल खरवार, सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव सहित अन्य नेताओं ने मृतकों को श्रद्धांजलि दी। पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका हाल जाना। सांसद को भी ज्ञापन सौंपा गया। सांसद ने उन्हें न्याय दिलाने और गांव की समस्याओं को दूर करने में सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव, उप्र कांग्रेस कमेटी के सदस्य आशुतोष दुबे, लल्लू राम पांडेय, राजबली पांडेय, राजीव त्रिपाठी, सुनील गोंड, त्रिपुरारी गोंड, प्रदीप चौबे, आशीष सिंह, सूरज वर्मा, सुशील कुमार पटेल इत्यादि मौजूद रहे।