Sonbhadra News: सोनभद्र में हुए दो हादसों के बाद मृत युवकों के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि बाइक पर तीन सवारी चलने के लिए उन्हें कई बार मना किया गया था। सोमवार को हुए दर्दनाक हादसों में चार युवक घायल भी हुए हैं। गंभीर रूप से घायल दो युवकों इलाज जारी है।
सोनभद्र के अलग-अलग क्षेत्रों में सोमवार को हुए सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दुद्धी के मनबसा में पर सड़क पर अचानक सामने कुत्ता आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई तो करमा के भरकवाह गांव में बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों घटनाओं में बाइक पर तीन-तीन लोग सवार थे।
विज्ञापन
पहली घटना दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के झारोकला गांव में बीती रात बभनी से बरात आई थी। बरात में शामिल होने के बाद बभनी निवासी कौशल किशोर (23) पुत्र धनुक प्रसाद, उसका साथी हीरालाल व जयपाल एक बाइक से सोमवार की सुबह घर लौट रहे थे। मनबसा गांव के पास सड़क पर अचानक कुत्ता आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हुए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें म्योरपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कौशल किशोर को मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
विज्ञापन
उधर, करमा थानांतर्गत मिर्जापुर-रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर भरकवाह गांव के समीप बाइक अज्ञात वाहन से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार पन्नूगंज थाना क्षेत्र के मझिगवां निवासी अजय प्रकाश, सजोर निवासी गोविंद व रामपुर बरकोनिया के धर्मदासपुर निवासी महेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची करमा पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजवाया। वहां अजय प्रकाश को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।